अनिल निषाद
अयोध्या, 19 मई 2026:
लखनऊ में रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते लिए गए ट्रैफिक ब्लॉक का असर अब पूर्वांचल और अयोध्या रूट पर साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव कर दिया है। अब कई ट्रेनों को जफराबाद, शाहगंज, सुल्तानपुर और अयोध्या कैंट होकर चलाया जाएगा। इस बदलाव से लखनऊ जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ स्टेशन पर बड़े स्तर पर निर्माण और यार्ड रीमॉडलिंग का काम चल रहा है। इसी वजह से ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट करना पड़ा है। रेलवे ने यात्रियों साथ कहा है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन का लाइव स्टेटस और संशोधित रूट जरूर जांच लें।
सबसे ज्यादा असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। 14017 रक्सौल-आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस 21 मई को जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ मार्ग से चलाई जाएगी। 14018 आनंद विहार-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस 20 मई को लखनऊ-अयोध्या कैंट-शाहगंज-जफराबाद मार्ग से संचालित होगी।
22345 पटना-गोमतीनगर वंदेभारत एक्सप्रेस को 27 मई तक जफराबाद-शाहगंज-अयोध्या कैंट-सुल्तानपुर होकर चलाने का फैसला लिया गया है।

इसके अलावा फरक्का एक्सप्रेस के दोनों रूटों में भी बदलाव किया गया है। 15743 बलुरघाट-बठिंडा फरक्का एक्सप्रेस 19, 20, 22, 24 और 26 मई को जफराबाद-सुलतानपुर-लखनऊ मार्ग से चलेगी, जबकि 15744 बठिंडा-बलुरघाट फरक्का एक्सप्रेस 19, 21, 22, 24 और 26 मई को अयोध्या कैंट-जफराबाद होकर संचालित की जाएगी।
इसी तरह 18103 टाटानगर-अमृतसर एक्सप्रेस 20 और 25 मई को बदले हुए रूट से चलेगी। 19321 इंदौर-पटना एक्सप्रेस 23 मई को लखनऊ-अयोध्या कैंट-जफराबाद होकर जाएगी। वहीं 22103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस 25 मई को प्रयागराज-जौनपुर-शाहगंज-अयोध्या कैंट मार्ग से संचालित होगी।
रेलवे ने 13435 मालदा टाउन-गोमतीनगर एक्सप्रेस और 14021 प्रयागराज-आनंद विहार एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। हालांकि यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है लेकिन अचानक हुए रूट बदलाव ने यात्रियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।






