
अनिल निषाद
अयोध्या, 29 जून 2026:
रामनगरी अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन की बैठक में कई अहम और कड़े प्रस्ताव पारित किए गए। बार एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि इस मामले के किसी भी आरोपी की पैरवी कोई वकील नहीं करेगा। यदि कोई वकील आरोपियों की ओर से मुकदमा लड़ता है तो उसके खिलाफ बार एसोसिएशन से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। उस पर 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बैठक में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को तीन दिनों के भीतर अयोध्या छोड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा और पूरी अयोध्या को जाम कर किसी भी व्यक्ति को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

वकीलों ने यह भी मांग उठाई कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए तथा पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए जिससे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो।
बैठक में बार एसोसिएशन अयोध्या के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र, महामंत्री शैलेंद्र कुमार जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। बैठक में पारित प्रस्तावों को लेकर अयोध्या में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।






