Ayodhya

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर राहुल-खड़गे का PM मोदी को पत्र, बोले- हजारों करोड़ की चोरी का सच देश के सामने आए

मानसून सत्र से पहले कांग्रेस ने उठाया अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के चढ़ावे और खातों का मुद्दा, स्वतंत्र जांच और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

न्यूज डेस्क, 19 जुलाई 2026:

अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सियासत थम नहीं रही है। संसद के मानसून सत्र से पहले इस मसले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने पीएम से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

दोनों नेताओं ने जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खातों और दान की रकम के इस्तेमाल का पूरा ब्योरा भक्तों के सामने रखने की मांग की है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हजारों करोड़ रुपये की चोरी हुई है।

उन्होंने कहा कि लाखों भक्तों ने अपनी मेहनत की कमाई आस्था और विश्वास के साथ मंदिर के लिए दान की थी लेकिन कथित चोरी और अनियमितताओं से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने पत्र में ट्रस्ट के गठन और उसके सदस्यों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर संसद में ट्रस्ट बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन इसके सदस्यों की नियुक्ति केंद्र सरकार ने की।

ये भी पढ़ें:

पत्र में ट्रस्ट से जुड़े लोगों और पूर्व पदाधिकारियों के संबंधों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाया गया। राहुल और खड़गे ने मांग की कि नकद, सोना, चांदी समेत सभी प्रकार के चढ़ावे और ट्रस्ट के आर्थिक मामलों की स्वतंत्र एवं व्यापक जांच कराई जाए। जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ बिना किसी पद या प्रभाव की परवाह किए कार्रवाई की जाए।

मालूम हो कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी है। राज्य सरकार की ओर से गठित एसआईटी इस मामले में जांच करने के साथ अलग-अलग लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें  यूपी बीजेपी के मुखिया का चुनाव कार्यक्रम तय... कल होगा नामांकन, गोयल व तावड़े रहेंगे मौजूद

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button