Ayodhya

Ram Mandir : पूर्व IPS के पॉडकास्ट से CEO चयन पर उठे सवाल, ट्रस्ट ने दी सफाई, कहा… रिकॉर्ड में है जितेंद्र मिश्रा का इंटरव्यू

चढ़ावा चोरी की सनसनी के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को पहला CEO चुने जाने पर उठे सवाल, अमिताभ ठाकुर ने चयन प्रक्रिया पर मांगा जवाब, राजेश पांडे बोले- मैंने सिर्फ इतना कहा था कि अपने इंटरव्यू स्लॉट में मिश्रा को नहीं देखा

अनिल निषाद

अयोध्या, 15 सितंबर 2026:

यूपी के अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट की व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच अब CEO की नियुक्ति को लेकर नया विवाद सामने आ गया है। CEO पद के लिए आवेदन करने वाले पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे के एक Podcast में दिए बयान के बाद चयन प्रक्रिया पर सवाल उठे। इसके बाद दूसरे आवेदक रहे पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने ट्रस्ट से चयन प्रक्रिया पर जवाब मांगा। विवाद बढ़ने पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरी ने लिखित स्पष्टीकरण जारी कर कहा कि एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा 11 अगस्त को Interview Process में शामिल हुए थे।

5,585 आवेदनों से शुरू हुई थी CEO की तलाश

ट्रस्ट की ओर से जारी स्पष्टीकरण के मुताबिक CEO के चयन के लिए 6 जुलाई 2026 को Search Committee बनाई गई थी। समिति को कुल 5,585 आवेदन मिले। इन आवेदनों की स्क्रीनिंग दिल्ली एनसीआर, पुणे व संबलपुर में की गई। इसमें AI Screening के साथ मैनुअल विशेषज्ञ मूल्यांकन का भी इस्तेमाल किया गया।

ये भी पढ़ें:

16 उम्मीदवार पहुंचे अंतिम चरण में

स्क्रीनिंग के बाद 16 उम्मीदवारों को अंतिम चरण के लिए चुना गया। इन सभी की 11 व 12 अगस्त को अयोध्या में आमने-सामने बातचीत हुई। ट्रस्ट के मुताबिक एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने 11 अगस्त को पहली पाली में इस Interview Process में हिस्सा लिया था।
ram-mandir-trust-ceo-selection-jitendra-mishra-podcast-controversy (2)

1 सितंबर को सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट

Search Committee ने 1 सितंबर को अपनी अंतिम रिपोर्ट व सिफारिशें ट्रस्ट को सौंप दीं। इसके बाद 2 सितंबर को ट्रस्ट की ओर से शीर्ष तीन अनुशंसित उम्मीदवारों के नाम सार्वजनिक किए गए। इनमें एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, संजय प्रतापसिंह विश्वास राव व श्रुति भारद्वाज के नाम शामिल थे। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का CEO चुना गया।

राजेश पांडे के बयान से उठे सवाल

विवाद की शुरुआत पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे के Podcast में दिए बयान से हुई। उनके बयान को लेकर यह खबर सामने आई कि वह दावा कर रहे हैं कि जितेंद्र मिश्रा अंतिम 16 उम्मीदवारों में शामिल नहीं थे या Interview देने नहीं पहुंचे थे। बाद में राजेश पांडे ने इस बात को गलत बताया। राजेश पांडे ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि उनका दावा कभी यह नहीं था कि वह Top 3 में शामिल थे। उनके मुताबिक उन्हें इसकी जानकारी किसी आधिकारिक स्रोत से नहीं मिली थी, बल्कि सोशल मीडिया व अखबारों में आई खबरों के आधार पर उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी।

अपने इंटरव्यू स्लॉट में मिश्रा को नहीं देखा

राजेश पांडे ने कहा कि मीडिया में यह बात भी गलत तरीके से फैलाई गई कि उन्होंने दावा किया था कि रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा Interview देने ही नहीं आए थे। उनका कहना है कि उन्होंने केवल इतना कहा था कि 11 अगस्त को जिस समय उनका अपना इंटरव्यू स्लॉट था, उस दौरान उन्होंने जितेंद्र मिश्रा को वहां नहीं देखा। उन्होंने मीडिया से गलत व भ्रामक खबरें नहीं चलाने की अपील की है।
ram-mandir-trust-ceo-selection-jitendra-mishra-podcast-controversy (3)

अमिताभ ठाकुर ने ट्रस्ट से मांगा था जवाब

इसी Podcast को आधार बनाकर CEO पद के एक अन्य आवेदक जबरिया रिटायर्ड पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने ट्रस्ट के अध्यक्ष व महासचिव को पत्र भेजकर चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह खुद इस पद के उम्मीदवार रहे हैं, इसलिए चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता में उनका सीधा हित जुड़ा है। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि अगर राजेश पांडे के Podcast में सामने आए कथन सही हैं तो मामला सिर्फ एक उम्मीदवार के चयन तक सीमित नहीं रहता। इससे चयन प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने ट्रस्ट से यह स्पष्ट करने की मांग की कि अगर जितेंद्र मिश्रा अंतिम चरण के 16 उम्मीदवारों में शामिल नहीं थे तो उनका नाम Top 3 में किस आधार पर आया।

ट्रस्ट ने कहा- रिकॉर्ड में दर्ज है मिश्रा का इंटरव्यू

अमिताभ ठाकुर के सवालों के बाद ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंद देव गिरी की ओर से जारी स्पष्टीकरण में इन दावों को खारिज किया गया। ट्रस्ट ने कहा कि जितेंद्र मिश्रा 11 अगस्त को पहली पाली में Interview Process में शामिल हुए थे। ट्रस्ट के मुताबिक चयन प्रक्रिया का हर चरण Documented था और अंतिम चरण में शामिल सभी उम्मीदवारों की पहचान अयोध्या में दर्ज की गई थी।

पारदर्शिता पर ट्रस्ट का जोर

ट्रस्ट ने कहा है कि CEO चयन की प्रक्रिया संस्थागत Governance व पारदर्शिता के तय मानकों के तहत की गई। ट्रस्ट की ओर से यह भी कहा गया कि चयन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी आगे की जांच के लिए तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई जाती रहेगी। वहीं अमिताभ ठाकुर ने अपने पत्र में कहा है कि यदि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो वह अपने अधिकारों व सार्वजनिक हित में न्यायिक या वैधानिक मंच पर चयन प्रक्रिया व नियुक्ति को चुनौती देने समेत उपलब्ध कानूनी रास्ते अपनाने पर विचार करेंगे।

ये भी पढ़ें  राम मंदिर दान विवाद : किरकिरी के बाद बनी SIT, अखिलेश का तंज, कहा...सच दूर नहीं, हम मदद कर दें

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link