Lucknow City

मलिहाबाद में ईदगाह कमेटी अध्यक्ष पर फायरिंग… हमलावरों का निशाना चूका, इलाके में तनाव

ईद की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे अहसन अजीज, कार पर भी चलाई गई गोलियां, कई आरोपी नामजद, हमले में 11 साल पहले पिता की हत्या व ईदगाह से जुड़े विवाद का शक

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 16 मार्च 2026:

मलिहाबाद क्षेत्र के गढ़ी संजर खां गांव में ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की, फिर असलहे से फायरिंग कर दी। हालांकि गोली निशाने से चूक गई और वह बाल-बाल बच गए।

पीड़ित अहसन अजीज बसपा से जुड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष असमत आरा खां के बेटे हैं। वह रविवार शाम करीब पांच बजे आने वाले ईद-उल-फित्र पर्व को देखते हुए ईदगाह परिसर में साफ-सफाई और तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें घेर लिया।

ये भी पढ़ें:

बताया जा रहा है कि गांव के ही मुन्ना, उसका बेटा सोनू, शादाब, सलीम और अलीम समेत 8 से 15 अन्य लोग वहां मौजूद थे। आरोप है कि सोनू ने अहसन अजीज के सीने पर असलहा सटाकर फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद शादाब ने भी गोली चलाई, जो निशाने से चूक गई। हमलावरों ने भागते समय उनकी कार पर भी दो राउंड फायरिंग की और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। कार के शीशे टूट गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अहसन अजीज का कहना है कि हमले में शामिल कई लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और कुछ पर पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। शुरुआती तौर पर मामला पुरानी रंजिश, खासकर ईदगाह से जुड़े विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लोग जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। इस घटना के बाद परिवार से जुड़ा पुराना मामला भी चर्चा में है। अहसन अजीज के पिता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अजीज हसन खान की वर्ष 2005 में मिर्जागंज में एक शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में छठ महापर्व की भव्य तैयारी : CM योगी देंगे सूर्य को अर्घ्य, 27-28 अक्टूबर को अवकाश की मांग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link