Lucknow City

38 करोड़ की बंधा रोड बनेगी लखनऊ की नई लाइफलाइन… मिलेगी 10 लाख लोगों को जाम से राहत

पक्का पुल से सीतापुर रोड तक 3.37 किमी सड़क होगी तीन गुना चौड़ी, अलीगंज स्टेडियम में स्वीमिंग पूल-बैडमिंटन कोर्ट और जानकीपुरम में कम्यूनिटी सेंटर व नाले का निर्माण होगा

लखनऊ, 10 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के उत्तरी हिस्से की तस्वीर बदलने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम तेज कर दिया है। सबसे बड़ी राहत पक्का पुल से सीतापुर रोड तक जाने वाले 3.37 किलोमीटर लंबे बंधा रोड के चौड़ीकरण से मिलने जा रही है। वर्तमान में मात्र पांच मीटर चौड़ी यह सड़क जल्द ही 15 मीटर चौड़ी होगी।

इससे खदरा, मदेयगंज, फैजुल्लागंज, प्रियदर्शिनी योजना समेत आसपास के करीब 10 लाख लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण करने के साथ अधिकारियों को वर्ष के अंत तक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। करीब 38 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है।

Lucknow Infrastructure Rs 38 Crore Road Improvements (1)

इस मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। पीक आवर्स में लंबा जाम आम बात है। परियोजना पूरी होने के बाद यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण वैकल्पिक ट्रैफिक कॉरिडोर के रूप में उभरेगा। इसी क्रम में अलीगंज स्थित एलडीए स्टेडियम को भी आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां नया स्वीमिंग पूल, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट बनाया जाएगा।

इसके साथ ही लंबे समय से निष्प्रयोज्य पड़े जिम को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ फिर से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जानकीपुरम क्षेत्र के लिए भी बड़ी सौगात घोषित की गई है। कुर्सी रोड पर सरगम अपार्टमेंट के पास लगभग 14,800 वर्गमीटर खाली भूमि पर कम्यूनिटी सेंटर और हॉर्टीकल्चर विकास कार्य कराए जाएंगे।

इसके अलावा मौर्या विहार और जानकी विहार कॉलोनी के बीच 1600 मीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नाला क्षेत्र की लगभग दो लाख आबादी को जलभराव की समस्या से राहत दिलाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button