Uttarakhand

NEET व समूह-सी पुनर्परीक्षा पर रहेगी सख्त निगरानी… अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस सुविधा

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने की समीक्षा बैठक, 21 जून की नीट पुनर्परीक्षा को लेकर जिलों में सुरक्षा इंतजाम तेज करने के निर्देश, 14 जून की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के लिए संवेदनशील केंद्रों पर विशेष नजर रखने को कहा

देहरादून, 10 जून 2026:

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी परीक्षाओं और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 21 जून को होने वाली नीट पुनर्परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और पेपर लीक से सुरक्षित ढंग से कराने के लिए सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और सत्यापन की व्यवस्था मजबूत रखी जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा उपलब्ध कराने को लेकर जल्द शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए। मौसम विभाग की ओर से बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारियों से कहा गया कि किसी मार्ग के बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक योजना पहले से तैयार रखी जाए।

मुख्य सचिव ने 14 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराने, अभ्यर्थियों की गहन जांच सुनिश्चित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को आयोजन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों के आसपास पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया, प्रमुख सचिव अमित कुमार सिरोही, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, एडीजी डॉ. वी मुरूगेशन, सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, आर राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन, धीराज सिंह गर्ब्याल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button