Uttarakhand

मोदी सरकार : 12 साल के कार्यकाल का उत्सव मनाएगा उत्तराखंड… गांव-गांव पहुंचेगीं उपलब्धियां

12 से 14 जून तक चलेगा आयोजन, प्रदर्शनी, जनकल्याण शिविर, प्रेस वार्ता और संवाद कार्यक्रमों के जरिए जनता को बताएंगे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं, हर ब्लॉक में लगेंगे शिविर, लाभार्थियों से होगा सीधा संवाद प्रभारी मंत्री जिलों में करेंगे कार्यक्रम

देहरादून, 9 जून 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर उत्तराखंड में 12 से 14 जून तक व्यापक जनसंपर्क और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय अभियान के दौरान प्रदेशभर में उपलब्धि प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। इनमें केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण फैसलों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि लोगों को विकास यात्रा की समग्र जानकारी मिल सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और आम नागरिकों से संवाद किया जाएगा। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने, जानकारी उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के निस्तारण पर भी फोकस रहेगा।

मुख्यमंत्री ने 12 जून को सभी जिलों में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन कार्यक्रमों में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा। यह प्रस्तुतीकरण तथ्य आधारित, जनोपयोगी और सरल रूप में तैयार किया जाएगा, जिसे विभिन्न माध्यमों से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों और क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करते हुए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर समन्वय, व्यापक जनभागीदारी और प्रभावी प्रचार-प्रसार के साथ किया जाए।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button