LDA Special Camp : आज से 3 दिन में कराएं अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री, एक ही छत के नीचे पूरी होगी प्रक्रिया
15 अक्टूबर तक चलेगा विशेष रजिस्ट्री कैंप, प्राधिकरण और निबंधन विभाग के अधिकारी एक ही पटल पर करेंगे दस्तावेजी कार्रवाई, 80% या अधिक भुगतान करने वाले आवंटियों को भी मिलेगा रजिस्ट्री कराने का मौका

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026:
यूज पी की राजधानी में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए आवंटियों को अब विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्राधिकरण की ओर से आज से तीन दिवसीय विशेष रजिस्ट्री शिविर शुरू किया जा रहा है। 15 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर में रजिस्ट्री से जुड़ी दस्तावेजी प्रक्रिया से लेकर पंजीयन तक की कार्रवाई एक ही स्थान पर पूरी कराने की व्यवस्था की गई है। इससे लंबे समय से रजिस्ट्री का इंतजार कर रहे आवंटियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन किया गया है। हालांकि इनमें से कई संपत्तियों की रजिस्ट्री अब तक नहीं हो सकी है। इसी समस्या के समाधान के लिए एलडीए और निबंधन विभाग के आपसी सहयोग से विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।
प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में होगी पूरी कार्रवाई
विशेष शिविर आज से 15 अक्टूबर तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में लगाया जा रहा है। इसमें एलडीए के सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी एक ही पटल पर मौजूद रहेंगे। वे आवंटियों की रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने के साथ निबंधन और पंजीयन की प्रक्रिया भी पूरी करवाएंगे। इससे आवंटियों को अलग-अलग अधिकारियों और कार्यालयों के बीच दौड़भाग करने से राहत मिलेगी।
पूरा भुगतान करने वालों को कॉल सेंटर से सूचना
एलडीए के उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि जिन आवंटियों ने अपनी संपत्ति की पूरी धनराशि जमा कर दी है उन्हें कॉल सेंटर के माध्यम से रजिस्ट्री कराने के लिए सूचना भेजी जा रही है। वहीं, जिन आवंटियों ने संपत्ति की कीमत का 80 प्रतिशत या उससे अधिक भुगतान कर दिया है उन्हें शेष धनराशि जमा करके रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्राधिकरण की इस पहल का मकसद लंबित रजिस्ट्रियों का निस्तारण करना और आवंटियों को उनकी संपत्तियों के कानूनी दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान बनाना है। जिन आवंटियों की रजिस्ट्री अभी बाकी है वे शिविर के दौरान संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराने की जानकारी ले सकते हैं।






