डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड राजभवन की कमान, दुष्यंत गौतम बने सिक्किम के गवर्नर
राष्ट्रपति भवन से जारी हुआ नियुक्ति आदेश, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए राज्यपाल का स्वागत करते हुए जताई विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी रह चुके हैं सिक्किम के नए राज्यपाल दुष्यंत गौतम

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 13 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड में राज्यपाल की जिम्मेदारी अब मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को सौंपी गई है। वहीं, उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने की खबर भी सामने आई है। इन बदलावों के बाद दोनों राज्यों में नई जिम्मेदारियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
धामी ने दी बधाई, विकास को लेकर जताई उम्मीद
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिसेन का लंबा राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान महत्वपूर्ण रहा है। मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के तौर पर उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम किया है। उम्मीद जताई कि डॉ. बिसेन के अनुभव से उत्तराखंड में विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने नए राज्यपाल के सफल कार्यकाल की कामना भी की।
चार बार विधायक बने, मध्य प्रदेश सरकार में संभाली मंत्री पद की जिम्मेदारी
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। वह 1990, 1993, 1998 और 2003 में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। वर्ष 2003 से 2005 तक उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में काम किया। इसके बाद 2011 से 2013 तक वह मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2019 में उन्होंने बालाघाट लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। भाजपा में लंबे समय से सक्रिय बिसेन को अब उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदरणीय डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी को देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्यपाल नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में आपका दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं सार्वजनिक जीवन में योगदान उल्लेखनीय रहा है।
माँ गंगा एवं बाबा केदार से आपके सफल, यशस्वी एवं मंगलमय कार्यकाल की कामना करता हूँ।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 12, 2026
पांच साल पूरे होने के बाद बदले राज्यपाल
उत्तराखंड के मौजूदा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को पदभार संभाला था। 15 सितंबर 2026 को उनके कार्यकाल के पांच साल पूरे हो गए थे। अब डॉ. ढाल सिंह बिसेन की नियुक्ति के साथ राज्यपाल पद पर बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है । उनके शपथ ग्रहण और पदभार संभालने की तारीख संबंधित प्रक्रिया के तहत तय होगी। उत्तराखंड भाजपा के पूर्व प्रभारी दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने की खबर से भी उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।






