
योगेंद्र मलिक
देहरादून, 7 जुलाई 2026ः
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ‘हरित दून’ अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण ने इस वर्ष देहरादून में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पौधरोपण कार्यों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। वहीं, मास्टर प्लान 2041 पर जनसुनवाई भी शुरू हो गई है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कार्यालय जाते समय डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की गुणवत्ता, रोपण की स्थिति और उनके रखरखाव की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने उद्यान अनुभाग के कर्मचारियों के साथ स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बंशीधर तिवारी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की राय को महायोजना में उचित स्थान देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो सुझाव व्यवहारिक और जनहित में होंगे, उन्हें मास्टर प्लान में शामिल करने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और जनभागीदारी के माध्यम से देहरादून को हरित राजधानी बनाने के अभियान में सहयोग करें। इस बीच एमडीडीए की ओर से प्रस्तावित मास्टर प्लान 2041 पर प्राप्त आपत्तियों और सुझावों की जनसुनवाई भी शुरू हो गई। पहले दिन माता मंदिर रोड स्थित शकुन स्पोर्ट्स एकेडमी में सेक्टर-एक से संबंधित आपत्तियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 18 आपत्तियां दर्ज की गईं, जिनमें भूमि उपयोग, विकास योजनाओं और अन्य विषयों से जुड़े सुझाव शामिल रहे।






