
लखनऊ, 8 जुलाई 2026:
यूपी में सरकारी भर्तियों का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) प्रयागराज ने सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (बालक/बालिका) भर्ती-2022 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। लिखित परीक्षा, अभिलेख सत्यापन और साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया के बाद आयोग ने 18 विषयों के 624 प्रवक्ता पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश के युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत पूरी चयन प्रक्रिया शुचिता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रवक्ता भर्ती-2022 की लिखित परीक्षा गत 9 और 10 मई को आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार गत 15 जून से 27 जून तक कराया गया। लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया है।
आयोग के अनुसार भौतिकी, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला सहित 18 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों का विषयवार एवं श्रेणीवार विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर कटऑफ अंक और चयन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी देख सकते हैं।
आयोग ने बताया कि अभ्यर्थी अपने रोल नंबर और जन्मतिथि के माध्यम से www.upessc.up.gov.in पर उपलब्ध लिंक से एक सप्ताह तक अपने प्राप्तांक देख सकेंगे। इसके बाद प्राप्तांकों से संबंधित कोई भी जानकारी सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली-1998 के नियम 12(9) और 12(10) के तहत अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन भरी गई संस्थाओं की अधिमानता तथा घोषित चयन पैनल के आधार पर संस्था आवंटन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। इससे प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त प्रवक्ता पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।






