Uttar Pradesh

चित्रकूट को नई उड़ान, विकास के बड़े ऐलान, CM योगी का सपा-कांग्रेस पर जोरदार प्रहार

दिल्ली-लखनऊ से जल्द शुरू होगी सीधी हवाई सेवा, 951 करोड़ की 124 परियोजनाओं की सौगात, डिफेंस कॉरिडोर और पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, राम और अयोध्या के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

चित्रकूट, 9 जुलाई 2026:

सीएम योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट पर सौगातों की बौछार कर दी। 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ नए एयरक्राफ्ट उपलब्ध होते ही चित्रकूट को दिल्ली और लखनऊ से सीधी हवाई सेवा से जोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट भय, अव्यवस्था और पहचान के संकट से जूझ रहा था लेकिन डबल इंजन सरकार ने इसकी तस्वीर बदल दी है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे क्षेत्र की लाइफलाइन बन चुका है। भरतकूप से आगे सड़क निर्माण युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट को भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महान प्रतीक बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास काल में इसी धरती से राष्ट्र की सुरक्षा का संकल्प लिया था। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर तेजी से विकसित किया जा रहा है। जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक इकाई निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में इंडोनेशिया के साथ हुए समझौते के बाद उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्यात भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा।

योगी ने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा देकर शिक्षा को नई दिशा दी गई है। उनका कहना था कि चित्रकूट भविष्य में शास्त्र और शस्त्र दोनों के अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने चित्रकूट इंटर कॉलेज के 7 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें विकसित भारत-2047 की मजबूत नींव बताया।

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट से विपक्ष खासकर सपा और कांग्रेस पर जोरदार राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि जो दल कभी प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण को काल्पनिक बताते थे वे आज राजनीतिक स्वार्थ के लिए अयोध्या और चित्रकूट की आस्था को बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण को काल्पनिक बताने वालों को आस्था की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

विपक्ष पर हमला तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें जनता के टैक्स का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल और वक्फ के नाम पर जमीनों पर अवैध कब्जे कराने में खर्च करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, संत तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के विकास पर निवेश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सपा शासनकाल में कब्जाई गई 64 हजार एकड़ सरकारी और गरीबों की जमीन मुक्त कराकर वहां विश्वविद्यालय, अस्पताल और उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को पूरी पारदर्शिता से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और ₹5 लाख तक का आयुष्मान स्वास्थ्य कवच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आध्यात्मिक पर्यटन के साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के जरिए इको-टूरिज्म को भी नई पहचान दी जा रही है।

योगी ने कहा कि यदि वर्ष 2022 में चित्रकूट से भाजपा विधायक और 2024 में भाजपा सांसद चुना गया होता तो विकास की रफ्तार और तेज होती। उन्होंने सपा पर परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को सैफई परिवार से आगे कुछ दिखाई नहीं देता।

अयोध्या मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी जांच में 150 कर्मचारियों में केवल 8 लोग दोषी पाए गए। उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पूरे ट्रस्ट और अयोध्या की छवि खराब करना दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर लगातार प्रहार करने का काम किया है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, डॉ. बाबू लाल तिवारी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आरके सिंह पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा समेत कई लोग उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button