Lucknow CityUttar Pradesh

अयोध्या-बस्ती पर विकास वर्षा : CM आज करेंगे 937 करोड़ की 294 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

सोहावल में 217 और बस्ती के हरैया में 77 परियोजनाओं की देंगे सौगात, जनसभाओं को करेंगे संबोधित, लाभार्थियों को बांटेंगे प्रमाण-पत्र व सहायता सामग्री

लखनऊ, 10 जुलाई 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या और बस्ती जनपद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों जनपदों में करीब 937.04 करोड़ रुपये की 294 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर प्रदेश के विकास अभियान को नई रफ्तार देंगे। मुख्यमंत्री दोनों स्थानों पर जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री पहले अयोध्या जनपद के सोहावल पहुंचेंगे। यहां वे बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान के पिता एवं पूर्व मंत्री स्व. मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद 432.70 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे बस्ती के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर 12:30 बजे बस्ती के हरैया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचेंगे और वे 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज और हरैया क्षेत्र के लिए 504.34 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की जाएगी। दोनों जिलों के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर रवाना होंगे और वहां अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button