
लखनऊ/बाराबंकी, 12 जुलाई 2026:
उत्तर प्रदेश में वन महोत्सव 2026 के तहत चल रहे 35 करोड़ पौधारोपण अभियान रविवार को पूरी रफ्तार से शुरू हुआ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पड़ोसी जिले बाराबंकी से एक पेड़ मां के नाम महाअभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में भी अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
स्वास्थ्य विभाग निभाएगा बड़ी जिम्मेदारी
लखनऊ स्थित कुकरैल वन क्षेत्र में हुई सभा में डिप्टी सीएम ने कहा कि इस बार प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधारोपण अभियान में चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में 16 लाख से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए सरकारी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और दूसरे स्वास्थ्य संस्थानों को अभियान से जोड़ा गया है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि अस्पताल केवल इलाज के केंद्र नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ वातावरण तैयार करने की भी जिम्मेदारी निभाते हैं। अगर अस्पताल परिसर हरियाली से भरेंगे तो मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों सभी को बेहतर माहौल मिलेगा।
जीवन के खास अवसरों को पौधरोपण से जोड़ें
डिप्टी सीएम ने लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधा लगाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हरा-भरा प्रदेश ही खुशहाल समाज की पहचान है। स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह, पारिवारिक समारोह या किसी भी खास अवसर पर पौधे लगाने की परंपरा अपनाई जाए। इससे पर्यावरण संरक्षण का अभियान और मजबूत होगा।

मेडिकल संस्थानों को हरित परिसर बनाने पर जोर
डिप्टी सीएम ने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी, मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों के परिसरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। इससे मरीजों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जनभागीदारी को बताया सबसे बड़ा आधार
अपने संबोधन में ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना भी है। उन्होंने कहा कि जब समाज और सरकार मिलकर काम करते हैं तब ऐसे अभियान सफल होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।लखनऊ के कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति अमित देवगन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

रोपण तभी सार्थक जब पौधे पेड़ बनें
इससे पूर्व रविवार की सुबह डिप्टी सीएम सीधे बाराबंकी पहुंचे। यहां रफी अहमद किदवई स्मारक जिला चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण करने के बाद ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। हर परिवार अगर कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले तो आने वाले वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे पेड़ बनकर तैयार हों। इसके लिए लोगों की भागीदारी सबसे ज्यादा जरूरी है।






