Sports

FIFA World Cup का महासंग्राम : एम्बाप्पे बनाम यमाल, किसके कदम चूमेगा फाइनल?

पहला सेमीफाइनल आज, लगातार तीसरे फाइनल के इतिहास के करीब फ्रांस, 16 साल बाद खिताबी मुकाबले में लौटने को बेताब स्पेन, विजेता का सामना इंग्लैंड या अर्जेंटीना से होगा

स्पोर्ट्स डेस्क, 14 जुलाई 2026:

फीफा विश्व कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। आज देर रात पहले सेमीफाइनल में विश्व नंबर-1 फ्रांस और नंबर-3 स्पेन आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं और खिताब से सिर्फ दो कदम दूर हैं। एक ओर किलियन एम्बाप्पे की आक्रामक फ्रांस टीम है, तो दूसरी तरफ 19 वर्षीय लमीन यमाल और रोड्री से सजी संतुलित स्पेनिश टीम। मुकाबला सिर्फ दो यूरोपीय दिग्गजों के बीच नहीं बल्कि मौजूदा दौर के दो बड़े सितारों एम्बाप्पे और यमाल के बीच भी माना जा रहा है।

फ्रांस लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने की दहलीज पर खड़ा है। वहीं, मौजूदा यूरोपीय चैंपियन स्पेन 16 साल बाद विश्व कप फाइनल में जगह बनाने और अपने दूसरे विश्व कप खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगा। फ्रांस के पास 2025 नेशंस लीग के अंतिम-4 में मिली हार का हिसाब चुकता करने का भी मौका होगा।

फ्रांस का इस विश्व कप में अब तक का सफर शानदार रहा है। उसने ग्रुप चरण में सेनेगल को 3-1, इराक को 3-0 और नॉर्वे को 4-1 से हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद राउंड-32 में स्वीडन को 3-0 से हराया। प्री-क्वार्टरफाइनल में पराग्वे के खिलाफ एम्बाप्पे के निर्णायक गोल की बदौलत 1-0 से जीत मिली, जबकि क्वार्टरफाइनल में दूसरे खिलाड़ियों के साथ एम्बाप्पे की शानदार जुगलबंदी ने मोरक्को को 2-0 से मात दिलाई।

फ्रांस ने टूर्नामेंट में अब तक 16 गोल किए हैं। काइलिन एम्बाप्पे विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 20 तक पहुंचा चुके हैं और महान लियोनेल मेसी के 21 विश्व कप गोलों की बराबरी से सिर्फ एक गोल दूर हैं। एम्बाप्पे इस बार अपना दूसरा विश्व कप खिताब जीतकर इतिहास में खास जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
fifa-world-cup-2026-france-vs-spain-semifinal-clash-mbappe-yamal (2)

दूसरी ओर, स्पेन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। पहले मैच में काबो वर्डे ने उसे गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया था। इसके बाद स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराकर नॉकआउट में प्रवेश किया। राउंड-32 में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराने के बाद उसने पुर्तगाल और फिर बेल्जियम जैसी मजबूत टीमों को मात देकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। सोमवार को 19 वर्ष के हुए लमीन यमाल के पास अपने पहले ही विश्व कप को यादगार बनाने और स्पेन के सबसे युवा विश्व विजेता बनने का सुनहरा अवसर है।

इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता से भिड़ेगी। विश्व कप का फाइनल 19 जुलाई (भारतीय समयानुसार 20 जुलाई) को न्यू जर्सी में खेला जाएगा।

READ MORE

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button