
अयोध्या, 14 जुलाई 2026:
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस पद के लिए देशभर से आवेदन मांगे गए हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने अपने आवेदन में करीब तीन दशक के प्रशासनिक अनुभव का हवाला देते हुए ट्रस्ट से चयन प्रक्रिया में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है।
आवेदन में गिनाया लंबा प्रशासनिक अनुभव
अमिताभ ठाकुर ने अपने आवेदन में लिखा है कि उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा और लोक प्रशासन में करीब 30 वर्षों तक काम किया है। इस दौरान उन्हें सुरक्षा प्रबंधन, सतर्कता, प्रशासनिक व्यवस्था, कानूनी मामलों, कार्मिक प्रबंधन और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय का व्यापक अनुभव मिला। उनका कहना है कि यही अनुभव राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज में उपयोगी साबित हो सकता है।
भगवान राम के आदर्शों में विश्वास जताया
अपने आवेदन में अमिताभ ठाकुर ने खुद को हिंदू सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं के साथ-साथ भगवान राम के मर्यादा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और लोककल्याण के आदर्शों के प्रति उनका गहरा सम्मान है। उन्होंने पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन को अपनी कार्यशैली की पहचान बताते हुए ट्रस्ट से उनकी उम्मीदवारी पर विचार करने की अपील की है।

चढ़ावा विवाद के बाद बदला प्रबंधन का ढांचा
बता दें कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद के सामने आने के बाद ट्रस्ट के कामकाज में बड़े बदलाव का फैसला लिया गया था। इस मामले के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत कुछ जिम्मेदार पदाधिकारियों ने अपने पद छोड़ दिए थे। इसके बाद ट्रस्ट की बैठक में प्रशासनिक ढांचे में बदलाव करने और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर किसी सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति का फैसला लिया गया।
18 जुलाई को होंगे इंटरव्यू
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए CEO पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए। ट्रस्ट के मुताबिक इस पद के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 18 जुलाई को शाम 4 बजे उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जाएंगे। इसके बाद चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट में CEO की नियुक्ति को लेकर देशभर की नजरें बनी हुई हैं। ऐसे में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की दावेदारी भी चर्चा का विषय बन गई है।






