Lucknow CityUttar Pradesh

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण: सीएम का सख्त संदेश, बोले- दोषी नहीं बचेंगे, आस्था से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी

योगी ने सम्मेलन में गिनाईं नौ वर्षों की उपलब्धियां, कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, एक्सप्रेसवे, किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण को बताया नए प्रदेश की पहचान

लखनऊ, 14 जुलाई 2026:

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आयोजित एक सम्मेलन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के नौ वर्षों के विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी निष्पक्ष जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। नैतिक आधार पर इस्तीफे भी हुए हैं लेकिन कुछ लोग इस घटना की आड़ में आस्था और हिंदू धार्मिक स्थलों पर प्रहार करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वे लोग हैं, जो पहले गरीबों के अधिकारों पर डकैती डालते थे और हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल पर नमाज पढ़वाने की कोशिश कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से ऐसी राष्ट्रविरोधी मानसिकता से सतर्क रहने की अपील की।

यूपी में तैयार हुआ निवेश और विकास का नया वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के संकल्प से उत्तर प्रदेश आज ‘बीमारू’ राज्य की पहचान से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में हर तीसरे दिन दंगा होता था, महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था और बेटियों, व्यापारियों व किसानों में असुरक्षा का माहौल था। आज उत्तर प्रदेश दंगा, कर्फ्यू और उपद्रवमुक्त राज्य बन चुका है, जिससे निवेश और विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है।

प्रदेश को मिले 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव

उन्होंने बताया कि प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। ओडीओपी योजना के माध्यम से 75 जिलों के 79 उत्पादों को जीआई टैग से जोड़ा गया है। वर्तमान में प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं जिनसे सवा तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। ओडीओपी उत्पादों का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

प्रति व्यक्ति आय 43 हजार से बढ़कर 1.20 लाख रुपये हुई

सीएम योगी ने कहा कि 2016-17 में प्रदेश का बजट तीन लाख करोड़ रुपये था जो अब नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इसी अवधि में प्रदेश की जीएसडीपी 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये से अधिक हो गई है। महिला कार्यबल की भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत से अधिक हो गई है और बेरोजगारी दर 19 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत से भी कम रह गई है।

देश के कुल एक्सप्रेसवे का 60 प्रतिशत हिस्सा यूपी में

उन्होंने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं के साथ सोमवार से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे भी शुरू हो गया है। देश का पहला इनलैंड वॉटरवे, रैपिड रेल, रोपवे, सबसे अधिक एयरपोर्ट, मेट्रो और रेलवे नेटवर्क भी उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुके हैं।

गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश में पहले स्थान पर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है। प्रदेश आज गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में देश में पहले स्थान पर है। नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिली, जबकि बाणसागर, अर्जुन सहायक और सरयू नहर जैसी वर्षों से लंबित परियोजनाओं को पूरा कराया गया।

प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं

उन्होंने बताया कि प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिनमें 2.25 लाख से अधिक भर्तियां अकेले यूपी पुलिस में हुई हैं। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 45 हजार हो गई है। इसके अलावा 16 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 1.6 करोड़ लाभार्थियों को विभिन्न पेंशन योजनाओं, 25 लाख से अधिक बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पांच लाख से अधिक महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना तथा छह लाख से अधिक बेटियों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ मिलने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यही नया, सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश है।

READ MORE

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button