
अल्मोड़ा, 16 जुलाई 2026:
विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार से श्रावणी मेले की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और लोगों के कल्याण की कामना की। इस दौरान हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का भी स्वागत किया।
हरेला पर पौधरोपण का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेने की अपील भी की।
जागेश्वर की पहचान को और मजबूत करने की तैयारी
श्रावणी मेले के उद्घाटन के बाद आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ उसे नई पहचान देने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम देश की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा का अहम केंद्र है, जहां आने वाले श्रद्धालु अलग तरह की आध्यात्मिक ऊर्जा महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, लेकिन उनकी मूल पहचान और परंपरा पूरी तरह सुरक्षित रहे।

Master Plan से बदलेगी जागेश्वर की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 147 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे जागेश्वर Master Plan के तहत मंदिर परिसर का विकास किया जा रहा है। इसमें श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने के साथ मंदिर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी सुरक्षित रखा जा रहा है। उनका कहना था कि इससे धार्मिक Tourism को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
चार लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर दौरे के बाद इस धाम के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में चार लाख से ज्यादा श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय कारोबार और स्वरोजगार को फायदा मिलेगा।

विकास के साथ आस्था पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक Tourism, सड़क, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने श्रावणी मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का संदेश आगे बढ़ाने की अपील की।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर एस, जागेश्वर मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






