
लखनऊ, 17 जुलाई 2026:
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा मामले को लेकर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर लेकर विरोध जताया और सरकार के साथ मंदिर ट्रस्ट से पूरे मामले का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सरकार को घेरा
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार और मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चंदा चोर गद्दी छोड़ जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए दान का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
पोस्टरों के जरिए उठाई पारदर्शिता की मांग
प्रदर्शन में पहुंचे कार्यकर्ताओं के हाथों में कई पोस्टर दिखाई दिए। इनमें दान की पवित्रता बचाओ, पूरा लेखा-जोखा दिखाओ जैसे संदेश लिखे थे। सपा नेताओं का कहना था कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए और सभी सवालों के जवाब सार्वजनिक किए जाने चाहिए।

तिलक लगाकर, श्रीरामचरितमानस लेकर विरोध
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता माथे पर तिलक लगाए हुए थे। उनके हाथों में श्रीरामचरितमानस भी थी। सपा ने इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका विरोध किसी धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं बल्कि चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद और पारदर्शिता की मांग को लेकर है।

पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद कई सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें इको गार्डन भेज दिया गया। हजरतगंज चौराहे पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।






