
राजकिशोर तिवारी
सोमेश्वर, 14 अगस्त 2026ः
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को सोमेश्वर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने यात्रा का शुभारंभ करते हुए लोगों से घरों पर तिरंगा लहराने की अपील की।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं अमर शहीद हुकम सिंह बोरा स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके बाद हाथों में राष्ट्रध्वज लिए देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा क्षेत्रीय बाजार से होते हुए मंत्री रेखा आर्या के आवास तक पहुंची। पूरे मार्ग में लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गौरव की रक्षा के लिए देश के वीर सैनिकों ने समय-समय पर अपने प्राणों की आहुति दी है।
रेखा आर्या ने कहा कि सोमेश्वर के जनमानस, ऊर्जावान युवाओं और मातृशक्ति का जो उत्साह इस तिरंगा यात्रा में देखने को मिला, वह राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला है। अमर शहीदों का बलिदान और तिरंगे का गौरव सदैव हमें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, जगदीश डंगवाल, पूर्व जिला महामंत्री ललित प्रसाद, अंजलि जोशी, राजेंद्र कैड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विपिन पाठक, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री वंदना आर्या सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।







