Lucknow CityUttar Pradesh

आलू किसानों की सरकार से दो टूक : सब्सिडी आसान करो, परिवहन सहायता दो और तय करो MSP

उद्यान विभाग के प्रमुख सचिव व अन्य अधिकारियों के साथ लखनऊ में हुई बैठक में किसान नेताओं ने गिनाईं समस्याएं, मिला समाधान निकालने का आश्वासन

लखनऊ, 24 अगस्त 2026

यूपी के आलू किसानों की सब्सिडी से जुड़ी दिक्कतों, आगामी सीजन में आर्थिक सहायता और आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय करने की मांग को लेकर राजधानी लखनऊ में किसान संगठन और उद्यान विभाग के अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई। भाकियू (अराजनैतिक) के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधिमंडल ने उद्यान निदेशालय पहुंचकर किसानों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

उद्यान विभाग के प्रमुख सचिव बीएल मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्यान विभाग के निदेशक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने सबसे पहले सब्सिडी की मौजूदा प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग रखी। उनका कहना था कि रजिस्ट्रेशन से लेकर सब्सिडी की रकम खाते में पहुंचने तक किसानों को अनावश्यक भागदौड़ और तकनीकी अड़चनों का सामना न करना पड़े।

बैठक में आगामी समय में एक रुपये प्रति किलोग्राम की दर से आलू पर सब्सिडी दिए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी आलू सीजन में किसानों को 1.75 रुपये प्रति किलोग्राम तक परिवहन सहायता एवं सब्सिडी देने की दिशा में सरकार की तैयारियों की जानकारी भी सामने आई। किसान संगठन ने स्पष्ट किया कि सहायता का वास्तविक लाभ तभी होगा जब इसकी प्रक्रिया आसान हो और भुगतान में किसी तरह की देरी न हो।

ये भी पढ़ें:

बैठक में आलू के MSP निर्धारण का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। किसान नेताओं ने कहा कि खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और अन्य लागत बढ़ने से आलू की उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं बाजार में कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण कई बार किसानों को लागत से कम दाम पर फसल बेचने को मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में आलू का उचित MSP तय करना किसानों के लिए बड़ा सहारा साबित हो सकता है।

प्रमुख सचिव बीएल मीणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सब्सिडी के लिए रजिस्ट्रेशन और भुगतान में किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों से जुड़े इन मुद्दों पर आगामी APC बैठक में भी चर्चा होगी। चौधरी हरनाम सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य राजनीतिक लाभ नहीं अपितु आलू किसानों की वास्तविक समस्याओं को सरकार के सामने मजबूती से रखना है।
up-potato-farmers-subsidy-demand-msp-transport-help-lucknow-meeting (2)

उन्होंने कहा कि किसानों को उचित मूल्य, समय पर सहायता और सरकारी योजनाओं का पारदर्शी लाभ दिलाने के लिए संगठन सरकार के साथ संवाद जारी रखेगा। बैठक में चौधरी हरनाम सिंह वर्मा के साथ मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर, युवा मंडल अध्यक्ष मोहित यादव, जिलाध्यक्ष बाराबंकी रामशरण वर्मा, जिलाध्यक्ष आगरा दीपक तोमर, जिलाध्यक्ष अलीगढ़ योगेश तोमर, जिलाध्यक्ष मथुरा तिलक उपाध्याय, जिलाध्यक्ष मैनपुरी नवनीत यादव, प्रवीण यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  Kanwar Yatra : शिवभक्तों पर आज बरसेंगे फूल, कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वे करेंगे CM Yogi

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button