Sports

ऋषभ ने चोट का हिसाब 95 मीटर लंबे छक्के से चुकाया, बाउंसर पर लगे शॉट से टूटा सोलर पैनल

IND vs SL टेस्ट में कलाई पर लगी थी लाहिरू कुमारा की गेंद, चोट के बाद भी अगले दिन क्रीज पर लौटे, उसी गेंदबाज की बाउंसर को पंत ने स्टेडियम पार पहुंचाया, 95 मीटर का छक्का सोलर पैनल तोड़कर चर्चा में आया, इसी पारी में पंत ने टेस्ट क्रिकेट के 100 छक्के भी पूरे किए

स्पोर्ट्स डेस्क, 25 अगस्त 2026:

भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन चोट के बावजूद ऐसी बल्लेबाजी की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। जिस बॉलर की गेंद से उनकी कलाई चोटिल हुई थी अगले दिन उसी बॉलर की बाउंसर को उन्होंने सिक्स में बदल दिया। आसमान की ओर उठी बॉल 95 मीटर दूर सोलर पैनल पर गिरी। स्टेडियम तालियों से गूंज उठा तो बॉलर का मुंह भी उतर गया।

चोट के बाद भी नहीं बदला पंत का अंदाज

टेस्ट के पहले दिन चोट लगने के बाद पंत की बल्लेबाजी को लेकर भारतीय टीम ने साफ किया था कि वह अगले दिन खेलने के लिए तैयार रहेंगे। सारांश जैन के आउट होने के बाद पंत मैदान पर लौटे। चोट के बावजूद उन्होंने श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों की शॉर्ट गेंदों का सामना किया और कुमारा की उसी तरह की गेंद पर ऐसा जवाब दिया, जिसने मैच के साथ-साथ रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम दर्ज कर दिया।

क्रीज पर लौटकर कुमारा की बाउंसर पर मारा 95 मीटर का छक्का

पहले दिन लाहिरू कुमारा की तेज बाउंसर उनकी कलाई पर लगी थी। दर्द के बाद पंत को रिटायर हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। अगले दिन वह सूजी हुई कलाई के साथ दोबारा क्रीज पर लौटे। क्रीज पर लौटने के बाद पंत ने लाहिरू कुमारा की शॉर्ट गेंद का इंतजार किया। कुमारा ने कई बार शार्ट गेंद फेंकी। इसी दौरान उन्होंने लेग साइड में तेज बाउंसर डाली तो पंत ने शरीर के पास आती गेंद को पूरे दम से पुल कर दिया। गेंद फाइन लेग के ऊपर से होती हुई करीब 95 मीटर दूर स्टेडियम की छत पर जा पहुंची।
rishabh-pant-95m-six-breaks-solar-panel-ind-vs-sl-test-lahiru-kumara (2)

छत पर लगा सोलर पैनल टूटा, नई गेंद मंगानी पड़ी, 63 रन पर खत्म हुई पारी

पंत का यह छक्का इतना लंबा था कि गेंद SSC स्टेडियम की छत पर लगे सोलर पैनल से जा टकराई। ऊंचाई से गिरी गेंद की तेज ठोकर खाकर पैनल टूट गया। गेंद स्टेडियम से बाहर चली गई, जिसके चलते उसे वापस लाने में समय लगा और अंपायरों को नई गेंद मंगानी पड़ी। पंत ने इसी पारी में अपना 21वां टेस्ट अर्धशतक भी पूरा किया. उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर भारतीय पारी को मजबूत किया। हालांकि, लंच के तुरंत बाद ऋषभ पंत 63 रन बनाकर आउट हो गए

100 टेस्ट छक्के पूरे, गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ा

पंत के इस आक्रामक अंदाज के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे किए। इसके बाद 102 टेस्ट छक्कों के साथ पंत ने ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ दिया। अब वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे सिर्फ ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स हैं।
rishabh-pant-95m-six-breaks-solar-panel-ind-vs-sl-test-lahiru-kumara (3)

विदेशी टेस्ट में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

कोलंबो की इसी पारी के दौरान पंत ने विदेशी या न्यूट्रल टेस्ट में 2,500 रन का आंकड़ा भी पार किया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने। पंत ने एमएस धोनी का 2,496 रन का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

ये भी पढ़ें  वैभव सूर्यवंशी का New Chapter... बेबी बॉस ने दिए टीम इंडिया डेब्यू के संकेत, मैनचेस्टर टी-20 पर करोड़ों निगाहें

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button