
हरदोई, 27 अगस्त 2026:
यूपी के हरदोई जिले में एक युवती को फोन पर बातचीत के जरिए प्रेम जाल में फंसाने, परिवार के लोगों की हत्या की धमकी देने, अश्लील फोटो बनाकर दबाव डालने के बाद शादी होने पर उसे Social Media पर वायरल करने का मामला सामने आया है। युवती के पिता की शिकायत पर कोतवाली शहर पुलिस ने आरोपी ईश्वर चन्द उर्फ लल्ला के खिलाफ FIR दर्ज की है।
फोन पर बातचीत से शुरू हुआ मामला
कोतवाली शहर क्षेत्र के ग्राम बेहटा में रहने वाले पिता का कहना है कि ईश्वर चंद्र ने पहले बेटी से फोन पर बातचीत शुरू की थी। बातचीत बढ़ने के बाद उसने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। कुछ समय बाद वह युवती पर मानसिक दबाव बनाने लगा। युवक ने युवती के माता-पिता व भाई की हत्या करने की धमकी भी दी।
अश्लील फोटो बनाकर बढ़ाया दबाव
इन सबके बीच आरोपी ने युवती की अश्लील तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद वह युवती पर अपने घर से जेवर व रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगा। इस मांग से परेशान युवती ने आरोपी की बात मानने के बजाय अपने परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी।
परिजनों ने रिश्तेदारी में कर दी शादी
परिवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद युवती की शादी रिश्तेदारी में कर दी गई। शिकायत में कहा गया है कि शादी के बाद युवती अपनी ससुराल में सामान्य तरीके से रह रही थी। युवती की शादी होने से आरोपी नाराज हो गया। इसके बाद उसने पहले से अपने पास मौजूद उसकी अश्लील तस्वीरों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
Facebook पर तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप
परिवार ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इसी माह को रात करीब आठ बजे Facebook पर युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कीं। इससे पहले भी आरोपी कई तस्वीरें Social Media पर डाल चुका था। बाद में Instagram पर भी तस्वीरें पोस्ट करने का आरोप लगाया गया है।
कई लड़कियों को फंसाकर कर चुका है ब्लैकमेल
पिता का कहना है कि वह दूसरी लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाकर उनसे रुपये वसूलने की कोशिश करता है। परिवार ने आरोपी की ओर से लगातार धमकी दिए जाने की बात कहते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आरोपी मौका मिलने पर युवती की हत्या करने की धमकी दे रहा है। इस वजह से परिवार में डर का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी को युवती की तस्वीरें Facebook Instagram पर पोस्ट करने से रोकने, पहले से डाली गई तस्वीरों को हटवाने की मांग की है।
पुलिस को दिया मोबाइल नंबर व दो एड्रेस
पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपी का एक मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया गया है। शिकायत के मुताबिक आरोपी का मूल पता शाहजहांपुर जिले के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र का है, जबकि वर्तमान पता दिल्ली के सेक्टर 32/33 इलाके में बताया गया है। पुलिस अब शिकायत में सामने आए Social Media accounts, पोस्ट व तस्वीरों से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।






