
लखनऊ, 27 अगस्त 2026:
रक्षाबंधन पर इस बार भाई-बहन का रिश्ता सिर्फ राखी और मिठाई तक सीमित नहीं रहेगा। ये रिश्ता प्रकृति से भी जुड़ जाएगा। यूपी में वन विभाग ने इस पावन पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए भाई-बहनों से पौधरोपण कराने की खास पहल की है। रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन पौधा लगाएंगे, उसे रक्षासूत्र बांधेंगे और उसके पेड़ बनने तक उसकी देखभाल व सुरक्षा का संकल्प लेंगे।
‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत शुक्रवार को प्रदेश के सभी वन प्रभागों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने कई भाई-बहनों से संपर्क भी किया है। लखनऊ के साथ ही प्रदेश के अन्य वन प्रभागों में भी आम लोगों की भागीदारी से पौधरोपण कराया जाएगा। सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों का सहयोग भी इस मुहिम में लिया जाएगा।
राखी के साथ प्रकृति की रक्षा का वादा
वन विभाग की इस पहल में पौधरोपण के बाद पौधों को रक्षासूत्र बांधा जाएगा। भाई-बहन संकल्प लेंगे कि जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है, उसी तरह वे लगाए गए पौधे की भी तब तक रक्षा करेंगे, जब तक वह एक मजबूत पेड़ न बन जाए। इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के भावनात्मक रिश्ते को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। पेड़ वातावरण को स्वच्छ रखने में मदद करने के साथ छाया और ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। ऐसे में पौधे को रक्षा सूत्र बांधना प्रकृति को सुरक्षित रखने के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
विशिष्ट वनों से हरित आवरण बढ़ाने पर जोर
सीएम योगी आदित्यनाथ के हरित आवरण बढ़ाने के लक्ष्य के तहत प्रदेश सरकार विशिष्ट वनों की स्थापना पर भी जोर दे रही है। सामाजिक समरसता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग थीम पर नए विशिष्ट वन विकसित किए जा रहे हैं।
एक दिन में रोपे गए 35.27 करोड़ से ज्यादा पौधे
‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत 12 जुलाई को प्रदेश में एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे। सीएम योगी ने गोरखपुर में दो स्थानों पर पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की थी। यह अभियान 5 सितंबर यानी शिक्षक दिवस तक चलेगा। इसी कड़ी में अब रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को नई भावनात्मक ताकत देंगे।






