
गोरखपुर, 29 अगस्त 2026:
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास पहुंचे। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से उनकी शिकायत जानी, प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए।

भू-माफिया पर कार्रवाई का निर्देश
जनता दर्शन में जमीन से जुड़े मामलों को लेकर भी शिकायतें पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भू-माफिया, जमीन पर कब्जा करने वालों व दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। जमीन उसके असली मालिक के पास हो। माफिया को जेल भेजें। उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी तरीके से हो, किसी पीड़ित को न्याय के लिए परेशान न होना पड़े।
हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए। पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही न हो। राजस्व व कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए।

पैसे की कमी से नहीं रुकेगा इलाज
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंद मरीजों के बेहतर इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कराने को कहा। निर्देश दिया कि इलाज का इस्टीमेट उपलब्ध होते ही सरकार की तरफ से धन की व्यवस्था कराई जाए, जिससे मरीजों के उपचार में देरी न हो।
पारिवारिक विवाद में बातचीत कराने पर जोर
कुछ लोग पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें लेकर भी जनता दर्शन में पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों से बातचीत कराने की पहल करने को कहा। उनका निर्देश था कि विवादों को संवेदनशील तरीके से समझकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाए।
जनहित ही सर्वोपरि, जनसेवा ही प्रतिबद्धता।
मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज @GorakhnathMndr परिसर में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को जन-समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु… pic.twitter.com/9wzscj4JsF
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 29, 2026
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़-पूड़ी
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के सामने शीश झुकाया। मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाई। इसके बाद मंदिर की नियमित गतिविधियों के तहत आगे की दिनचर्या पूरी की।






