Uttarakhand

धामी की बहनों को सौगात, 60 वर्ष की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा, स्वरोजगार ऋण की सीमा बढ़ी

खटीमा के चकरपुर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सीएम ने कीं कई घोषणाएं, बहनों ने बांधी राखी, देहरादून में संचालित होने वाली 100 इलेक्ट्रिक बसों में 10 पिंक ई-बस होंगी

राजकिशोर तिवारी

ऊधमसिंह नगर, 29 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की बहनों के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। ऊधमसिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में सीएम ने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अब 60 वर्ष की आयु होने पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी। साख ही पिंक ई-बसों का तोहफा दिया।

सरकार महिलाओं को बना रही आत्मनिर्भर

ये भी पढ़ें:

समारोह में बड़ी संख्या में पहुंची बहनों ने धामी को राखी बांधी। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों का प्रेम, स्नेह और विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि एक भाई अपनी बहन के सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली को अपना धर्म मानता है और इसी भावना के साथ राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता के लिए काम कर रही है। सीएम ने पीएम मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। धामी ने वरिष्ठ महिलाओं को भी बड़ी राहत देते हुए उत्तराखंड रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा 60 वर्ष की आयु से लागू करने की घोषणा की। अभी यह सुविधा 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को मिल रही है। आयु सीमा घटने से अधिक संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।

dhami-women-free-bus-travel-pink-e-bus1

उत्तराखंड को मिलेंगी 137 इलेक्ट्रिक बसें

सीएम ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 को महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध ढंग से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की। धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास महिलाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।

तीन लाख बहनें बनीं लखपति दीदी

सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए सभी विकासखंडों में केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक तीन लाख नौ हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। सीएम ने बहनों से लखपति दीदी बनने के बाद अब करोड़पति बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की इस आर्थिक यात्रा में हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। धामी ने भावनात्मक अंदाज में कहा, ‘मैं एक भाई के रूप में हमेशा अपना कर्तव्य पूरी ईमानदारी के साथ निभाऊंगा।’

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड के मेलों को मिलेगा Global Brand, हर जिले से एक खास Festival चुनने की तैयारी

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button