Uttar Pradesh

बाढ़ में योगी का ऑपरेशन राहत : बलिया में 1,500 परिवारों को किट, बोले-हर पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार, सपा पर बरसे

सीएम ने तीन विधानसभा क्षेत्रों का हवाई सर्वे कर बांटी राहत सामग्री, बोले- बाढ़ से 1.71 लाख से अधिक लोग प्रभावित, घाघरा की ड्रेजिंग से स्थायी समाधान की तैयारी

बलिया, 29 अगस्त 2026:

यूपी के बलिया जिले में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के बीच शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। तीन विधानसभा क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित गांवों का हवाई निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने 1,500 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री और चिकित्सकीय किट वितरित की। उन्होंने पीड़ितों से सीधे संवाद किया। उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार हर पीड़ित व्यक्ति और परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण प्रदेश के करीब 26 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 1.71 लाख से अधिक लोग और 251 गांव प्रभावित हुए हैं। एक हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित शरणालयों में पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को भोजन, दवा और सुरक्षित आश्रय के लिए परेशान न होना पड़े।

‘अब 50 किलो राहत, पहले 500 ग्राम भी नहीं पहुंचती थी’

ये भी पढ़ें:

राहत सामग्री वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार बाढ़ पीड़ित परिवारों को करीब 50-50 किलो राहत सामग्री के पैकेट उपलब्ध करा रही है, जबकि पिछली सपा सरकार में 500 ग्राम राहत सामग्री भी जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाती थी। योगी ने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों के हक की राहत को सपा से जुड़े लोग हड़प लेते थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार आपदा के समय भी गरीब, नौजवान, महिलाओं और किसानों के प्रति संवेदनशीलता और ईमानदारी से काम कर रही है।

balia-flood-yogi-relief-1500-families-ghaghra-dredging (2)

आटा-चावल से लेकर टॉर्च और छतरी तक राहत किट

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को दी जा रही राहत किट में जरूरत की लगभग हर जरूरी वस्तु शामिल की गई है। इसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दो किलो अरहर की दाल, दो किलो चना, दो किलो भुना चना, एक किलो चीनी, बिस्कुट, माचिस, मोमबत्ती, साबुन और तिरपाल शामिल हैं।

इसके अलावा मसाले, एक किलो रिफाइंड तेल, नमक, सैनिटरी पैड, कपड़े धोने के साबुन, तौलिया, सूती कपड़ा, डिस्पोजल बैग, डेटॉल और 10 किलो आलू भी दिए जा रहे हैं। किट में ढाई किलो लाई, बाल्टी, मग, टॉर्च और छतरी भी शामिल है। मेडिकल किट में ओआरएस और जरूरी दवाओं के साथ पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन की गोलियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सांप-बिच्छू और कुत्ते के काटने की दवाएं भी तैयार

योगी ने कहा कि बाढ़ के दौरान सांप, बिच्छू और दूसरे विषैले जीवों के काटने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कुत्ते के काटने और जंगली जानवरों के हमले का खतरा भी रहता है। इसे देखते हुए सभी सीएचसी और जिला अस्पतालों में एंटी-स्नेक और एंटी-रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

सरकार ने पशुधन की सुरक्षा के लिए भी टीकाकरण, दवाओं और जरूरी खाद्य सामग्री की व्यवस्था की है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों की विशेष जरूरतों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का चिह्नीकरण कराया जा रहा है और उनके लिए अलग राहत व देखभाल की व्यवस्था की जा रही है।

मौत पर 4 से 5 लाख तक की सहायता, मकान उजड़ा तो जमीन और आवास

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में जान गंवाने वाले परिवारों के लिए भी सरकार ने राहत का प्रावधान किया है। सर्पदंश से मृत्यु होने पर चार लाख रुपये की तत्काल सहायता दी जाती है। जंगली जानवर के हमले और कुत्ते के काटने से मृत्यु की स्थिति में भी सहायता का प्रावधान है। ऐसे मामलों में 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ या आकाशीय बिजली से किसान, बटाईदार किसान या उनके परिवार के सदस्य की मृत्यु होने पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है। बाढ़ में मकान या झोपड़ी नष्ट होने पर प्रभावित परिवार को जमीन का पट्टा देने के साथ प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत कराया जाएगा।

घाघरा की ड्रेजिंग से कटान रोकने की तैयारी

बलिया की बाढ़ समस्या के स्थायी समाधान पर भी मुख्यमंत्री ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मंत्री को इस दिशा में व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। हवाई निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर घाघरा नदी को ड्रेजिंग के जरिए चैनलाइज करने की जरूरत दिखाई दी। सीएम ने कहा कि ड्रेजिंग से निकलने वाली सिल्ट का इस्तेमाल तटबंध के सामने किया जा सकता है। जरूरत वाले स्थानों पर बोल्डर से ठोकर बनाकर नदी के कटान को रोका जाएगा। सरकार का लक्ष्य केवल हर साल राहत बांटना नहीं, बल्कि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान करना है।

‘पहले 36-40 जिले बाढ़ में आते थे, अब 26 प्रभावित’

योगी ने कहा कि पहले बारिश के मौसम में 36 से 40 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनती थी, जबकि इस बार 26 जिले प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी जन-धन की क्षति न्यूनतम रही है और जनहानि लगभग न के बराबर हुई है। उन्होंने कहा कि बलिया की प्रतिभा और ऊर्जा को विकास का अवसर तभी मिलेगा, जब बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

बलिया को मिलेगा बाबा भृगु के नाम पर मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री ने बलिया के विकास से जुड़ी कई योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बलिया में बाबा भृगु के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार धनराशि स्वीकृत कर चुकी है। बाबा भृगु धाम कॉरिडोर का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्होंने बलिया को मंगल पांडे, चित्तू पांडे और जयप्रकाश नारायण की भूमि बताते हुए कहा कि जिले की ऐतिहासिक और लोकतांत्रिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को भी गति दी जा रही है। सिताब दियारा को जयप्रकाश नारायण की पावन भूमि बताते हुए उन्होंने वहां जल्द कार्यक्रम आयोजित करने के संकेत भी दिए।

जेपीएनआईसी के बहाने सपा पर हमला

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र का मुद्दा उठाते हुए सपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र की लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार ने इस पर 864 करोड़ रुपये खर्च किए और इसके बावजूद परियोजना अधूरी रही। योगी ने आरोप लगाया कि जेपीएनआईसी को जनता के पैसे से बने केंद्र के बजाय लूट-खसोट का अड्डा बनाने की कोशिश हुई। उन्होंने संचालन से जुड़ी कमेटी में अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव और राजेंद्र चौधरी समेत कई लोगों को शामिल किए जाने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव से जनता से माफी मांगने को कहा।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को दी गई निशुल्क बस यात्रा सुविधा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन दिन की इस सुविधा का लाखों महिलाओं ने लाभ उठाया है। अगले दिन से 60 वर्ष से अधिक उम्र की हर महिला को परिवहन निगम की बसों में प्रदेशभर में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

योगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उनकी सरकार ने माफिया पर कार्रवाई कर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की जगह ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ का दौर शुरू किया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री दानिश आजाद, राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर, विधायक केतकी सिंह, विधायक हंसुराम, विधान परिषद सदस्य रवि शंकर (पप्पू सिंह), भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  फ्लाइट में बिगड़ी यात्री की तबीयत, लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग होने तक तोड़ा दम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button