
लखनऊ/गोरखपुर, 30 अगस्त 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों और समाज में अराजकता फैलाने वालों को बेहद कड़ा संदेश दिया। गोरखपुर के राप्ती नगर के बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम के लोकार्पण और 130.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि अगर किसी ने कानून से खिलवाड़ करने की तनिक भी कोशिश की तो उसकी धज्जियां उड़ाने में देर नहीं लगेगी। प्रदेश में लोगों की सुरक्षा पर संकट पैदा करने वालों के लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी माफियामुक्त हो चुका है। अगर कोई फिर सिर उठाएगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
‘2017 के बाद प्रदेश में मजबूत हुआ सुरक्षा का माहौल’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और इसी का परिणाम विकास, रोजगार और उत्सवों के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वालों को ‘डकैतों का गिरोह’ करार दिया। सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों को जब भी मौका मिला, उन्होंने प्रदेश और देश को लूटने का काम किया। उत्सव से पहले उपद्रव, दंगे और कर्फ्यू इनकी पहचान रही है। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

‘अच्छी सरकार में होते हैं अच्छे काम’
मुख्यमंत्री ने युवाओं, बेटियों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि यह सब तभी संभव है जब खजाने में पैसा हो और अच्छी सरकार हो। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
रोजगार के लिए हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाए जा रहे हैं। सीएम के मुताबिक यहां युवाओं को स्किल के साथ नौकरी की गारंटी देने की दिशा में काम होगा। वहीं अगले दो माह में स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देने की योजना का भी उन्होंने जिक्र किया।
योगी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक पांच लाख बेटियों की शादी इस योजना के तहत हो चुकी है। सरकार प्रत्येक बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये का अनुदान दे रही है। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा का भी जिक्र किया और बताया कि रक्षाबंधन पर 60 लाख से अधिक महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ लिया।
माफिया के साथ इंसेफेलाइटिस पर भी वार का दावा
गोरखपुर में अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई के साथ इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब दस वर्षों में माफिया का सफाया करने के साथ मच्छरजनित बीमारी इंसेफेलाइटिस की समस्या का भी समाधान किया गया है।
महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोभूमि गोरखपुर के राप्तीनगर स्थित बशारतपुर में आज 'कल्याण मण्डपम्' सहित जनपद के समग्र विकास को समर्पित ₹130 करोड़ से अधिक लागत की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
प्रदेश में इस प्रकार के विकास कार्य तब संभव हो पाए हैं, जब… pic.twitter.com/iAX4JGPlPv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 29, 2026
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले इंसेफेलाइटिस की वजह से गोरखपुर सहित पूरे पूर्वी यूपी में भय का माहौल था। यह बीमारी 1977 से चली आ रही थी, लेकिन पिछली सरकारों ने इसके समाधान पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने इंसेफेलाइटिस के मुद्दे पर सदन से सड़क तक संघर्ष किया और मुख्यमंत्री बनने के बाद इसके समाधान की दिशा में काम किया। अब मासूम बच्चों की इंसेफेलाइटिस से मौत नहीं होती।
‘2017 से पहले बदहाल था गोरखपुर, अब विकास की नई पहचान’
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 2017 के बाद हुए बदलावों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि पहले बिजली, सड़क, इलाज और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जबकि अब सिक्सलेन फ्लाईओवर और फोरलेन सड़कों का नेटवर्क तैयार हो चुका है। स्मार्ट सड़कों, ट्रैफिक और स्वच्छता की निगरानी से लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और गोरखपुर एम्स तक का उन्होंने उल्लेख किया।
सीएम ने कहा कि खाद कारखाना दोबारा चल रहा है, चार विश्वविद्यालय संचालित हैं और बाढ़ की समस्या के समाधान की दिशा में काम हुआ है। कभी बदहाल रहा रामगढ़ताल अब फिल्मों की शूटिंग का केंद्र बन रहा है और गोरखपुर पर्यटन के नए हब के रूप में उभर रहा है। गोड़धोइया नाला परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे शहर के उत्तरी हिस्से में जलभराव की समस्या से राहत मिली है।
कल्याण मंडपम में 500 लोगों तक के आयोजन की सुविधा
मुख्यमंत्री ने बशारतपुर कल्याण मंडपम को सकारात्मक परिवर्तन और जनसुविधा का प्रतीक बताया। 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस दो मंजिला मंडपम में 300 से 500 लोगों की क्षमता वाले आयोजन हो सकेंगे। इसमें हॉल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम, टॉयलेट, छह कमरे, ड्रेसिंग रूम, फव्वारा, पार्किंग और लॉन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
सीएम ने बताया कि कल्याण मंडपम के लिए उन्होंने ढाई करोड़ रुपये विधायक निधि से दिए हैं, जबकि शेष धनराशि जीडीए ने लगाई है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए कम खर्च में आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराना है।
170 परियोजनाओं से बदलेगी गोरखपुर की तस्वीर
समारोह में मुख्यमंत्री ने जीडीए और नगर निगम की कुल 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, नाली, पार्क, लाइटिंग, पेयजल, नलकूप, हैंडपंप, बाढ़ पंपिंग स्टेशन, सीसीटीवी और आवासीय भवन समेत कई परियोजनाएं शामिल हैं।
लोकार्पित प्रमुख कार्यों में कल्याण मंडपम, जीडीए के पार्क-सड़क-नाली एवं लाइटिंग के 14 कार्य तथा नगर निगम के पाइपलाइन विस्तार, नलकूप और हैंडपंप रीबोरिंग के 29 कार्य शामिल हैं। बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि और सुदृढ़ीकरण का काम भी लोकार्पित किया गया।
शिलान्यास वाली परियोजनाओं में 41 सड़क-नाली निर्माण, 47 पार्कों का सुंदरीकरण, सीसीटीवी स्थापना, कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन, पथ प्रकाश तथा पेयजल और जलभराव से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में सांसद रविकिशन जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






