Uttarakhand

शुद्धिकरण विवाद : विवादित बयान पर राहुल के खिलाफ हल्द्वानी में FIR, BJP-Congress में मचा सियासी घमासान

रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर गरमाई थी सियासत, राजनीतिक बयानबाजी हो गई थी तेज, श्रीराम सेना के कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस कर रही जांच

राजकिशोर तिवारी

हल्द्वानी, 31 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर सियासत गरमा गई थी। इस विवाद को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया। अब इस विवाद की आंच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी तक पहुंच गई है। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने श्रीराम सेना से जुड़े अमित कुमार की शिकायत पर राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राहुल ने अपने बयान में शुद्धिकरण की घटना को जातिगत और छुआछूत से जोड़कर अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

आठ अगस्त की रैली के बाद गरमाया था मामला

ये भी पढ़ें:

विवाद की शुरुआत आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली के बाद हुई। मैदान में गंदगी फैलने और कथित आपत्तिजनक व साम्प्रदायिक नारों को लेकर विवाद सामने आया था। इसके बाद एक स्थानीय हिंदूवादी संगठन की ओर से मैदान में शुद्धिकरण यज्ञ कराया गया। इसको लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे राजनीतिक व सामाजिक मुद्दा बना दिया। कांग्रेस की ओर से शुद्धिकरण की घटना को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दलित पहचान से जोड़ते हुए सवाल उठाए गए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे की जातीय पहचान को निशाना बनाकर उन्हें अपमानित करने की कोशिश की गई। दूसरी ओर शुद्धिकरण कराने वाले संगठन का तर्क था कि यह यज्ञ मैदान में हुई कथित गंदगी और आपत्तिजनक गतिविधियों के विरोध में किया गया।

Advertisement

haldwani-shuddhikaran-vivad-rahul-gandhi-fir-bjp-congress

राहुल गांधी ने विवाद पर की थी तीखी प्रतिक्रिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। उन्होंने शुद्धिकरण की घटना को छुआछूत और दलितों के अपमान से जोड़ते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इसी बयान को आधार बनाते हुए अमित कुमार ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का कहना है कि राहुल गांधी के बयान से अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं आहत हुईं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति बनी। शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

राहुल पर दर्ज मुकदमे को लेकर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों और कानूनी प्रक्रिया का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस ने मुकदमे को लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिश बताते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व राहुल गांधी उत्तराखंड की सामाजिक समरसता को लेकर अनर्गल आरोप लगाकर समाज में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए सामाजिक समरसता को चोट पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें  मुख्य सचिव ने बैठक में योजनाओं को दी मंजूरी... खेल, पर्यटन व इनफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बल

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link