
अनिल निषाद
अयोध्या, 2 सितंबर 2026:
रामनगरी अयोध्या में दर्शन-पूजन की उम्मीद लेकर निकले श्रद्धालुओं का सफर बुधवार सुबह अचानक हादसे में बदल गया। रुदौली कोतवाली क्षेत्र में मखवापुर के पास हाईवे पर तेज रफ्तार डीसीएम ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा होते ही ट्रॉली में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक लखीमपुर खीरी से महिला और बच्चे सहित 28 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अयोध्या दर्शन के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनका वाहन रुदौली क्षेत्र के मखवापुर के पास हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। झटका लगते ही ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी रुदौली भेजा गया।

हादसे में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27) समेत कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल रहा। कई यात्री अपने साथ आए परिजनों और साथियों की हालत को लेकर परेशान नजर आए।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया गया। इसके चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और जाम जैसी स्थिति बनी रही। वाहनों को हटाए जाने के बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस के मुताबिक डीसीएम चालक की भूमिका और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, घायलों की चोटों की गंभीरता के संबंध में अस्पताल से जानकारी जुटाई जा रही है।






