Uttarakhand

अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने धामी को भेजी राखी, लिखा भावुक पत्र, धराली आपदा में हुई थी मुलाकात

पिछले वर्ष रक्षाबंधन के समय उत्तराखंड में बाढ़ में फंसने के दौरान सीएम से मिलने का मिला था मौका, दुपट्टे का एक छोटा सा टुकड़ा रक्षा सूत्र के रूप में था बांधा, बोलीं- रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी भेजना नहीं भूल सकतीं

देहरादून, 2 सितंबर 2026ः

अहमदाबाद की धनगौरी बरोलिया ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राखी भेजी है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम को एक भावुक पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने पिछले वर्ष धराली में आई आपदा के दौरान मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को याद किया है। धनगौरी ने बताया कि पिछले वर्ष रक्षाबंधन के समय वह उत्तराखंड आई थीं। इसी दौरान धराली में आई बाढ़ में वह फंस गई थीं। सीएम जब आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे और वहां फंसे लोगों से मिले, तब उन्हें भी उनसे मिलने का मौका मिला।

धनगौरी ने बताया कि उस समय रक्षाबंधन करीब था। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा था कि अगर उनके पास राखी हो तो वह उन्हें बांध सकती हैं। उस समय उनके पास राखी नहीं थी। उन्होंने अपने दुपट्टे का एक छोटा सा टुकड़ा फाड़कर उसे ही राखी मानकर मुख्यमंत्री की कलाई पर बांध दिया। पत्र में लिखा कि उसी दिन उन्होंने धामी को अपना धर्म भाई मान लिया था। उनके लिए वह मुलाकात आज भी बहुत खास है और उस पल को वह कभी नहीं भूल सकतीं। उन्होंने कहा कि धराली की उस मुश्किल घड़ी में सीएम धामी ने वहां फंसे लोगों का हौसला बढ़ाया और उन्हें भरोसा दिया।

धनगौरी ने भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह श्रीकृष्ण द्रौपदी की मदद के लिए आगे आए थे, उसी तरह मुख्यमंत्री भी उस कठिन समय में उनके लिए सहारा बने। कहा कि इस वर्ष वह अहमदाबाद में हैं, लेकिन रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी भेजना वह नहीं भूल सकतीं। इसी भाव के साथ उन्होंने धामी के लिए राखी भेजी है। पत्र के अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु रहने की कामना की और कहा कि वह इसी तरह उत्तराखंड और प्रदेश की जनता की सेवा करते रहें। धराली की आपदा के दौरान दुपट्टे के टुकड़े से शुरू हुआ यह भाई-बहन का रिश्ता आज भी धनगौरी के लिए उतना ही खास है।

ये भी पढ़ें:

ये भी पढ़ें  Fraud : पर्सनल डायरी में दिखा 'अरबपति' बनने का जुनून, युवती ने ऐसे ठगे करोड़ों, अफसर पिता भी बने साथी

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button