
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 5 सितंबर 2026ः
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर देहरादून की पुलिस लाइन कृष्ण भक्ति, उत्तराखंड की लोक संस्कृति और सुरों से सराबोर नजर आई। पुलिस परिवार की ओर से आयोजित भव्य जन्माष्टमी महोत्सव में आस्था और संस्कृति का ऐसा संगम देखने को मिला कि देर रात तक पूरा परिसर भक्तिरस और लोक संगीत में डूबा रहा। महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया। महोत्सव में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

उत्तराखंड की लोक संस्कृति को केंद्र में रखकर आयोजित कार्यक्रम में गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, हेमंत बृजवासी, दर्शन फरस्वाण, रेशमा शाह और करिश्मा शाह ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों के गीतों और लोकधुनों पर पुलिस परिवार समेत बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक झूम उठे। पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ दिया। महोत्सव के दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल और सीएम ने पुलिस परिवार की ओर से आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, सत्य, धर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का पर्व उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश देता है। समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को कान्हा जी की प्रतिमा भेंट की। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक विशेष आकर्षण का केंद्र रही। नरेंद्र सिंह नेगी समेत अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। भक्ति गीतों और लोक संगीत के बीच पूरा वातावरण उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।







