Uttarakhand

शिक्षक दिवस पर सियासत, शिक्षकों-युवाओं ने थामा बीजेपी का दामन, दिलाई सदस्यता

उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व अन्य का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में किया स्वागत, नए सदस्यों से अपने क्षेत्र में सरकार की नीतियों को पहुंचाने का किया आह्वान, बुद्धिजीवी वर्ग की समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 5 सितंबर 2026ः

शिक्षक दिवस पर उत्तराखंड में सियासत भी देखने को मिली। उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत कई शिक्षकों व युवाओं ने शनिवार को भाजपा का दामन थामा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाज को बांटने वाली शक्तियों और विकास की राह में बाधा डालने वाली ताकतों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने में इस वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने नए सदस्यों से अपने प्रभाव क्षेत्र में भाजपा की विचारधारा और सरकार की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि राम सिंह चौहान और उनके साथ जुड़े शिक्षक लंबे समय से शिक्षकों की समस्याओं को सरकार के सामने उठाते रहे हैं। आंदोलनों के माध्यम से भी उन्होंने अपनी मांगों को मजबूती से रखा और सरकार ने कई विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए।

ये भी पढ़ें:

हल्द्वानी की घटना का भी किया जिक्र

भाजपा में शामिल हुए शिक्षक नेता राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में घटित कई घटनाक्रमों ने उन्हें सक्रिय राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश और उत्तराखंड में सामाजिक विद्वेष फैलाने के प्रयासों, विशेषकर हल्द्वानी की घटना ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसके अलावा युवाओं को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किए जाने की घटनाओं ने भी उन्हें और उनके साथियों को भाजपा से जुड़ने का निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका निर्वहन करेंगे।

uttarakhand-teachers-youth-join-bjp-teacher-day (2)

शिक्षकों के प्रभाव क्षेत्र को भुनाने की रणनीति

टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक समाज का प्रभावशाली और बुद्धिजीवी वर्ग है। शिक्षकों के संपर्क में रहने वाले विद्यार्थी आगे चलकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में शिक्षकों के माध्यम से भाजपा की नीतियों और विजन को व्यापक स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। वरिष्ठ भाजपा नेता ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का पार्टी से जुड़ना महत्वपूर्ण है और उनका अनुभव राष्ट्र व प्रदेश निर्माण के प्रयासों में उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर महेंद्र पाल सिंह, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, प्रज्ञा, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता शादाब शम्स समेत पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  नगर निगम की जमीन में खेल : धामी ने खोली फाइल, आला अफसर, बाबू व कारोबारी, सब पर तगड़ा एक्शन

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button