Raebareli City

स्वामी प्रसाद मौर्य का 2027 के लिए नया दांव, BJP से मुकाबले को तीसरे मोर्चे की तैयारी का दावा

भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व निजीकरण को लेकर उठाए सवाल, मायावती पर वरिष्ठ नेताओं को किनारे करने का आरोप, कहा- आकाश आनंद अपरिपक्व थे तो बार-बार बड़ी जिम्मेदारी क्यों मिली, अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर भी साधा निशाना, बोले 2027 में तीसरा मोर्चा भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा

विजय पटेल

रायबरेली, 6 सितंबर 2026:

यूपी के रायबरेली जिले में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी दावा किया है। अपनी जनता पार्टी के नेता मौर्य ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा आकार लेगा, जो भाजपा को सत्ता से बाहर करने की दिशा में काम करेगा। सारस चौराहे पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा, बसपा प्रमुख मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

मायावती पर वरिष्ठ नेताओं को किनारे करने का आरोप

ये भी पढ़ें:

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बसपा प्रमुख मायावती पर पार्टी के पुराने व वरिष्ठ नेताओं को लगातार किनारे करने का आरोप लगाया। उन्होंने आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से हटाए जाने के फैसले पर भी सवाल खड़े किए। मौर्य ने कहा कि अगर आकाश आनंद को अपरिपक्व माना गया तो उन्हें बार-बार बड़ी जिम्मेदारियां क्यों दी गईं। उन्होंने इसे बसपा की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर सवाल उठाया।

भाजपा सरकार पर बेरोजगारी-महंगाई को लेकर हमला

मौर्य ने भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व निजीकरण जैसे मुद्दों को लेकर हमला बोला। उनका आरोप है कि सरकार जनता से जुड़े सवालों से ध्यान हटाने के लिए धार्मिक व सांप्रदायिक मुद्दों को ज्यादा तवज्जो देती है। सरकारी स्कूलों की स्थिति व शराब की दुकानों को लेकर भी उन्होंने सरकार से सवाल किए।

अखिलेश को खुद PDA की परिभाषा नहीं मालूम

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद PDA की स्पष्ट परिभाषा नहीं बता पा रहे हैं। मौर्य ने समाजवादी पार्टी की रणनीति पर सवाल उठाते हुए संकेत दिया कि 2027 के चुनाव में विपक्षी राजनीति का समीकरण मौजूदा ढांचे से अलग हो सकता है।

भाजपा को लेकर किया सत्ता परिवर्तन का दावा

भाजपा नेताओं के दोबारा सरकार बनाने के दावों पर मौर्य ने कहा कि जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है। उनका दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा मजबूत होगा। मौर्य ने कहा कि आने वाले चुनाव में यूपी की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें  रायबरेली : ओई गांव की सुरंग में मिला 2000 साल पुराना इतिहास! कुषाण काल के अवशेषों ने बढ़ाई हलचल

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button