Lucknow City

LU में हंगामा : मेस की थाली में कीड़े, भड़का छात्राओं का गुस्सा, आधी रात तक घेरा VC दफ्तर, तीन बेहोश

लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्राओं का हंगामा, कुलपति से मिलने की मांग पर आधी रात तक धरना-प्रदर्शन, मेस बंद कराने का आदेश

लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026:

लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टलों की मेस में खाने की क्वालिटी को लेकर छात्राओं का गुस्सा बुधवार देर रात फूट पड़ा। कैलाश हॉस्टल की मेस के खाने में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं कुलपति कार्यालय पहुंच गईं। कुलपति और कुलसचिव के मौके पर न मिलने से नाराज छात्राओं ने कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। देर रात करीब 1:30 बजे तक छात्राओं का प्रदर्शन जारी रहा।

छात्राओं ने मेस की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करीब एक महीने से खाने में लगातार कीड़े निकल रहे हैं। उनका दावा था कि थाली में बिच्छू, चूहे की बीट, कीड़े और बाल तक मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। छात्राओं का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मेस संचालक और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब तीन छात्राएं बेहोश हो गईं। इसके बाद चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी ने हॉस्टल की मेस बंद करने का आदेश जारी किया।

lucknow-university-kailash-hostel-mess-food-protest-students (2)

ये भी पढ़ें:

कुलपति आवास की ओर बढ़ीं तो बंद मिले गेट

देर रात तक कुलपति के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज छात्राओं ने उनके आवास की ओर कूच कर दिया। छात्राओं का आरोप था कि उन्हें रोकने के लिए विश्वविद्यालय के गेट नंबर तीन पर ताला लगा दिया गया। वहां गार्ड भी नहीं दिखे। इसके बाद छात्राएं गेट नंबर चार की ओर पहुंचीं लेकिन वहां भी ताला लगा मिला।

छात्राओं का कहना था कि वे देर रात तक विश्वविद्यालय परिसर में अंधेरे में प्रदर्शन करती रहीं, लेकिन उनकी शिकायत सुनने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। रात 12 बजे तक 70 से अधिक छात्राएं परिसर में मौजूद थीं।

‘एक कचौड़ी दो समोसा, मेस वालों पर नहीं भरोसा’

प्रदर्शन के दौरान कैलाश हॉस्टल की प्रोवोस्ट डॉ. बबिता मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मेस के भोजन की गुणवत्ता कुछ दिन ठीक रहती है लेकिन इसके बाद फिर खराब हो जाती है। मेस संचालक से कई बार शिकायत की गई लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। छात्राओं ने विरोध के दौरान व्यंग्यात्मक नारे भी लगाए। ‘एक कचौड़ी दो समोसा, मेस वालों पर नहीं भरोसा’ जैसे नारों से देर रात तक विश्वविद्यालय परिसर गूंजता रहा।

lucknow-university-kailash-hostel-mess-food-protest-students (3)

मौके पर चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी, प्रोवोस्ट ओपी शुक्ला के अलावा एनएसयूआई के छात्र नेता प्रिंस प्रकाश, सपा लोहिया वाहिनी के अभिषेक श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। छात्राओं का कहना है कि कुलपति के पूर्व निरीक्षण और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश के बावजूद मेस के भोजन की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

ये भी पढ़ें  स्टीयरिंग संभालिए... कल से खुल रहा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, 45 मिनट का सफर, महंगा पड़ेगा टोल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link