Uttarakhand

उत्तराखंड आदि रंगोत्सव : कलाकारों के साथ थिरके धामी, ढोल बजाकर बढ़ाया उत्साह, खटीमा को 10 करोड़ की सौगात

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सीएम, केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम व किरेन रिजिजू रहे मौजूद, पिथौरागढ़ में भी आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का किया अनुरोध, पीएम-जनमन योजना में प्रथम चरण में 824 व द्वितीय चरण में 101 मकान बनाए जा चुके

राजकिशोर तिवारी

ऊधमसिंह नगर, 5 अक्टूबर 2026ः

जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और रंग-बिरंगी लोक कलाओं के संगम के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऊधमसिंह नगर के खटीमा को विविध संस्कृतियों के रंग में रंग दिया। साथ ही रंगोत्सव में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लगभग 4 करोड़ की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में जनजातीय समाज के कल्याण और उसकी पहचान को नई प्राथमिकता मिली है। सीएम धामी ने एकलव्य आवासीय विद्यालय के आधुनिकीकरण एवं विस्तार के लिए 10 करोड़ की घोषणा करने पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम का आभार जताया। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से पिथौरागढ़ में भी आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया।

ये भी पढ़ें:

uttarakhand-aadi-rangotsav-dhami-khatima-10-crore-eklavya-school (2)

Advertisement

रंगोत्सव में सीएम धामी का सहज और सांस्कृतिक अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने जनजातीय कलाकारों के साथ थिरककर उनका उत्साह बढ़ाया और स्वयं ढोल बजाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रंगोत्सव महज सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ जनजातीय विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आवास योजना के तहत ऊधमसिंह नगर में 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। पीएम-जनमन योजना के तहत प्रथम चरण में 824 और द्वितीय चरण में 101 आवास बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बाजपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। 16 करोड़ से अधिक की लागत से विद्यालय निर्माण कार्य जारी है, जबकि बालिका छात्रावास के लिए 4 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। थारू राजकीय इंटर कॉलेज के आधुनिकीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, भरत सिंह चौधरी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  रुद्रपुर में एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग सेरेमनी की तैयारी तेज, सीएम धामी ने दिए इंतजाम पूरे करने निर्देश

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link