लखनऊ के कृष्णानगर में डबल मर्डर : होमगार्ड ने डाटा केबल से पत्नी-बेटी का गला घोंटा, खुद पुलिस को बुलाया
कृष्णानगर के भोला खेड़ा में हुई वारदात, पत्नी से विवाद के साथ बेटी के किसी युवक से बातचीत को लेकर भी था नाराज, वारदात से पहले बेटे-बहू को दावत पर बुलाया, उनके जाने के बाद दोनों का गला घोंटा, पत्नी और बेटी के शव अलग-अलग मंजिलों पर मिले, कत्ल के बाद शव के पास बैठा रहा

लखनऊ, 9 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। शुक्रवार तड़के आरोपी ने डाटा केबल से सोते समय दोनों का गला घोंट दिया। इसके बाद खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर वारदात की जानकारी दी और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीएसी में तैनाती है होमगार्ड की
भोला खेड़ा निवासी रविंद्र शंकर गुप्ता (58) होमगार्ड है और उसकी तैनाती लखनऊ पीएसी में बताई गई है। परिवार में उसके साथ पत्नी श्याम दुलारी और बेटी पूजा साहू (32) रहती थी। छोटी बेटी शादी के बाद अपनी ससुराल में रह रही है जबकि बेटा अपनी पत्नी के साथ पारा इलाके में रहता है। रविंद्र ने पत्नी श्याम दुलारी और बेटी पूजा की हत्या कर दी। पुलिस के पहुंचने पर पूजा का शव मकान के ग्राउंड फ्लोर और श्याम दुलारी का शव पहली मंजिल पर मिला। आरोपी पत्नी के शव के पास बैठा था।
बेटे-बहू को दावत पर बुलाया था
बताया गया कि गुरुवार शाम रविंद्र ने बेटे और बहू को दावत पर घर बुलाया था। दोनों रात में ही वहां से चले गए। इसके बाद घर में पत्नी और बेटी के साथ विवाद हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में अक्सर पारिवारिक मामलों को लेकर कहासुनी होती थी। मामला शांत हो जाता लेकिन फिर एक दो दिन में बवाल खड़ा हो जाता।

बेटी की दो शादियां हुईं लेकिन दोनों से नहीं निभी
पूजा की पहली शादी 2017 में हुई थी। पहले पति से तलाक के बाद 2022 में उसने दूसरी शादी की, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा समय नहीं चला और दूसरे पति से भी तलाक हो गया। इसके बाद पूजा अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। बताया गया कि बेटी पूजा अक्सर किसी युवक से बातचीत करती थी और इस बात को लेकर पिता एतराज करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था।
आठ साल पहले पत्नी घर छोड़कर गई थी
वर्ष 2018 में श्याम दुलारी घर से गहने लेकर चली गई थी। इस पर रविंद्र ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पत्नी एक रिश्तेदार के घर से मिली थी। इसके बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। परिवार में जब भी झगड़ा होता तो पत्नी व बेटी एक तरफ हो जातीं इसलिए रविंद्र दोनों से नाराज रहता था। शायद इसी नाराजगी के बीच उसने हत्या का फैसला ले लिया।
रविंद्र को हिरासत में लेकर की जा रही पूछताछ
दोहरी हत्या की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव के पास बैठे मिले आरोपी रविंद्र को हिरासत में लिया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शोर झगड़े को लेकर चर्चा में रहने वाले रविंद्र के घर के आसपास भारी भीड़ जमा रही। फिलहाल शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद ही सामने आया है वहीं पुलिस अन्य एंगल पर भी जांच कर रही है।






