Gorakhpur

UP Farmers Compensation : योगी ने किसानों के खातों में भेजा 493 करोड़ का मुआवजा, बोले- सपा ने हड़पी थी मेहनत की कमाई, वही श्राप ले डूबा

Gorakhpur News : गोरखपुर से प्रदेश के 9.18 लाख किसानों को मिली फसल क्षति की भरपाई, आपदा प्रभावितों को करीब एक हजार करोड़ रुपये की मदद, हुदहुद चक्रवात के मुआवजे को लेकर पिछली सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, 15 अक्टूबर से अतिवृष्टि प्रभावित जिलों में शुरू होगी धान समेत दूसरी फसलों की खरीद, मिशन शक्ति के छठे चरण की जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूटी रैली निकाली

गोरखपुर, 12 अक्टूबर 2026:

Crop Damage Compensation : यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में किसानों को फसल नुकसान की भरपाई के लिए 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की। प्रदेश के 9,18,091 किसानों के बैंक खातों में यह रकम सीधे भेजी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर किसानों के मुआवजे में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई का पैसा हड़पने वालों को उन्हीं का श्राप ले डूबा। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में आपदा से फसल बर्बाद होने के बाद किसानों को महज आठ से दस दिन में मुआवजा दिया जा रहा है।

हुदहुद चक्रवात के मुआवजे पर सपा को घेरा

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में हुदहुद चक्रवात के दौरान केंद्र सरकार ने 3,200 करोड़ रुपये भेजे थे, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार किसानों को सिर्फ 800 करोड़ रुपये ही बांट सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाकी रकम किसानों तक नहीं पहुंची। वर्ष 2017 में सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने मामले की पड़ताल कराई, इसके बाद बकाया मुआवजे के लिए अलग से धन की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने सपा पर जाति के नाम पर समाज को बांटने के साथ किसानों के पैसे में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों के हक का पैसा रोकने वालों को इसकी कीमत चुकानी पड़ी।

yogi-adityanath-releases-493-crore-crop-damage-compensation-up-farmers (2)

ये भी पढ़ें:

कांग्रेस के 100 रुपये वाले बयान पर कसा तंज

योगी ने कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकार से 100 रुपये जारी होते थे, लेकिन लाभार्थी तक सिर्फ 15 रुपये पहुंचते थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के इस कथन का जिक्र करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। किसी किसान के लिए 25 हजार रुपये की सहायता मंजूर होती है तो उसके खाते में पूरी रकम भेजी जाती है। बीच में बिचौलियों की भूमिका खत्म होने से किसानों को उनकी सहायता का पूरा पैसा मिल रहा है।

Advertisement

आपदा में जान जाने पर 24 घंटे में चार लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर चार लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश हैं। आकाशीय बिजली समेत दुर्घटनाओं में पात्र किसानों, बटाईदारों और उनके परिवारों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की मदद दी जाएगी। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 1.20 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। आंशिक मकान क्षति और पशुहानि के मामलों में भी नियमानुसार सहायता मिलेगी। इससे पहले 1,29,326 किसानों को फसल नुकसान के लिए करीब 78 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति के मामलों में 225.93 करोड़ रुपये बांटे गए हैं।

yogi-adityanath-releases-493-crore-crop-damage-compensation-up-farmers (3)

बाढ़ से कटान रोकने, सड़कें ठीक करने के निर्देश

योगी ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कटान रोकने के काम जल्द शुरू करने को कहा। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग को इसके लिए पर्याप्त धन दिया गया है। लोक निर्माण विभाग, नगर विकास विभाग और विकास प्राधिकरण को मौसम साफ होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा राहत देने से लेकर आवागमन बहाल करने तक जरूरी कामों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाए गए हैं। बारिश की निगरानी के लिए रेन गेज की व्यवस्था की गई है। मौसम संबंधी अलर्ट मोबाइल फोन पर भी भेजे जा रहे हैं।

15 अक्टूबर से प्रभावित जिलों में धान की खरीद

मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिवृष्टि से प्रभावित जिलों में 15 अक्टूबर से धान, ज्वार, बाजरा और मक्का की खरीद के लिए केंद्र खोले जाएंगे। बाकी जिलों में सोमवार से खरीद शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज खरीदने की कोई सीमा नहीं होगी, भुगतान सीधे बैंक खातों में भेजा जाएगा। योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर चुकी है। प्रदेश में 16 लाख निजी नलकूपों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। सिंचाई की सुविधा के लिए 22 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को भी जोड़ा गया है।

yogi-adityanath-releases-493-crore-crop-damage-compensation-up-farmers (4)

आपदा प्रभावितों को सौंपे सहायता राशि के चेक

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के लाभार्थियों को सहायता राशि के प्रतीकात्मक चेक सौंपे। इनमें सदर क्षेत्र की रेशमा देवी, चंदन कुमार पासवान, इंद्रावती, सविता देवी, चुन्नी देवी और सीमा देवी शामिल रहीं। कैंपियरगंज क्षेत्र के बहराइची, बेचन प्रसाद, जोकखन, संपत और परमहंस को भी चेक दिए गए। सदर क्षेत्र के चंद्रप्रकाश द्विवेदी और धरणीधर के साथ गोला क्षेत्र के गिरजापति त्रिपाठी, कमलेश, रामदरश, जनार्दन प्रसाद और राणा प्रताप सिंह को सहायता राशि के चेक सौंपे गए।

जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मियों के साथ अन्य महिलाओं ने हिस्सा लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यान, मत्स्य पालन और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

कृषि मंत्री ने गन्ना भुगतान का रखा ब्यौरा

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कृषि क्षेत्र पर अब तक 69,163 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने बताया कि गन्ने का मूल्य 280 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। गन्ना किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शाही के मुताबिक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नौ वर्षों में किसानों को 6,125 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई है।

ये भी पढ़ें  कानून से खिलवाड़ किया तो धज्जियां उड़ाने में देर नहीं लगेगी, CM योगी का अपराधियों को दो टूक संदेश... जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link