हरिद्वार कुंभ का शंखनाद! लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग से दुनिया तक गूंजेगी देवभूमि की आध्यात्मिक पहचान
CM धामी ने किया कुंभ के तीनों आधिकारिक माध्यमों का लोकार्पण, गंगा, हर की पैड़ी और शिव प्रतीकों से सजा लोगो, ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत के जरिए देश-दुनिया को मिलेगा आस्था के महापर्व का संदेश

राजकिशोर तिवारी
हरिद्वार, 12 अक्टूबर 2026:
देवभूमि उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों ने अब रंग पकड़ लिया है। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र इस महापर्व की गूंज देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया। आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में तैयार ये तीनों माध्यम हरिद्वार की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारु व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगी।
मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से आयोजन की विशिष्ट पहचान सामने आएगी और लोगों को कुंभ से संबंधित प्रामाणिक जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
लोगो में दिखेगी हरिद्वार की आध्यात्मिक भव्यता
कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो हरिद्वार की धार्मिक पहचान और प्राकृतिक-सांस्कृतिक विरासत को एक साथ समेटे हुए है। इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, सूर्योदय और शिव प्रतिमा के साथ साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को स्थान दिया गया है। इन प्रतीकों के जरिए हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता और सनातन परंपरा की भव्यता को दर्शाया गया है।
लोगो की खास बात यह है कि इसके चयन में प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों की रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित की गई। इसके लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। सैकड़ों डिजाइनों में से चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना। इस तरह कुंभ की पहचान से स्थानीय प्रतिभा को भी जुड़ने का अवसर मिला।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था का संदेश
समारोह में कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट और ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत भी लॉन्च किया गया। वेबसाइट पर श्रद्धालुओं और आगंतुकों को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां उपलब्ध होंगी। वहीं, ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ बोलों वाला गीत महापर्व के आध्यात्मिक उल्लास को स्वर देता है। इसकी रचना, गायन और संगीत हरिद्वार के राघव राजा ने तैयार किया है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत और सुबोध उनियाल सहित अन्य मंत्री, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






