Lucknow CityUttar Pradesh

UP JE Vacancy 2026 : भर्ती का बड़ा मौका, 1536 पदों पर निकला विज्ञापन, जानें कब से करें आवेदन

यांत्रिक के 1156 और विद्युत के 380 पदों पर होनी है भर्ती, नवंबर में शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया, PET-2025 के स्कोर से तय होगी मुख्य परीक्षा की पात्रता

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026:

यूपी में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के सरकारी विभागों में अवर अभियंता (जेई) बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। आयोग ने अवर अभियंता (यांत्रिक) और अवर अभियंता (विद्युत) के 1536 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अलग-अलग विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें यांत्रिक के 1156 और विद्युत के 380 पद शामिल हैं। खास बात यह है कि दोनों भर्तियों के लिए आवेदन की तारीखें अलग-अलग निर्धारित की गई हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन का शेड्यूल ध्यान से देखना होगा।

यांत्रिक के 1156 पदों के लिए 3 नवंबर से आवेदन

अवर अभियंता (यांत्रिक) मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में अनुमन्य संशोधन और शुल्क समायोजन के लिए 2 दिसंबर तक का समय दिया गया है। इस भर्ती में सबसे अधिक पद यांत्रिक श्रेणी में हैं। इससे संबंधित तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में जाने का अवसर मिलेगा।

विद्युत के 380 पदों के लिए 6 नवंबर से मौका

अवर अभियंता (विद्युत) के पदों पर आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 27 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, शुल्क समायोजन और आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 4 दिसंबर तय की गई है। दोनों भर्तियों की समय सीमा अलग होने के कारण अभ्यर्थियों को संबंधित विज्ञापन के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

ये भी पढ़ें:

PET-2025 के स्कोर से तय होगी मुख्य परीक्षा की पात्रता

इन दोनों भर्तियों में केवल वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 में हिस्सा लिया है और जिन्हें आयोग ने स्कोर कार्ड जारी किया है। मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर और मेरिट के आधार पर होगी। आयोग के मुताबिक PET-2025 में वास्तविक या नार्मलाइज्ड स्कोर शून्य अथवा उससे कम होने पर अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।

Advertisement

यूआई और प्रोविजनल अभ्यर्थियों को भी सशर्त अनुमति

आयोग ने PET-2025 के परिणाम में अंडर इंवेस्टिगेशन (यूआई) और प्रोविजनल श्रेणी में चिह्नित अभ्यर्थियों को भी अंतिम निर्णय आने तक आवेदन की सशर्त अनुमति दी है। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग और चयन से जुड़ी आगे की कार्रवाई आयोग की जांच के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी।

विस्तृत जानकारी के लिए इस वेबसाइट पर जाएं

मालूम हो कि प्रदेश सरकार सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और योग्यता आधारित चयन पर जोर दे रही है। जेई के 1536 पदों पर भर्ती से तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही सरकारी विभागों में तकनीकी मानव संसाधन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जारी विज्ञापन देख सकते हैं।

ये भी पढ़ें  देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी का विरोध... विहिप ने की बिरहा गायिका की गिरफ्तारी की मांग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link