Lucknow City

UP News : सड़क हादसे में जान बचाने वाले 27 राहवीरों के नाम तय, मिलेंगे 25-25 हजार

सड़क दुर्घटना के घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को सम्मानित करने की तैयारी, केंद्र सरकार ने पुरस्कार बांटने के लिए परिवहन विभाग को दिए 10 लाख रुपये, राहवीर योजना के तहत हर पात्र मददगार को मिलेंगे 25 हजार रुपये, गोल्डन आवर में घायल को इलाज दिलाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने की पहल

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026:

उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे के दौरान घायलों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले लोगों को अब 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिल सकेगा। इसके लिए प्रदेश में 27 राहवीरों को सम्मानित करने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने पुरस्कार वितरण के लिए यूपी परिवहन विभाग को 10 लाख रुपये जारी किए हैं।

27 लोगों को पुरस्कृत करने का प्रस्ताव

परिवहन विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 27 लोगों को राहवीर योजना के तहत 25-25 हजार रुपये देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन नामों की अनुशंसा जिला सड़क सुरक्षा समितियों ने की है। सितंबर 2026 में विभाग ने पुरस्कार वितरण के लिए केंद्र से धनराशि मांगी थी। अब रकम मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गुड सेमेरिटन योजना का बदला नाम

केंद्र सरकार ने सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए 3 अक्टूबर 2021 को Good Samaritan Scheme शुरू की थी। इसके पहले वित्तीय चक्र में 36 मददगारों को पांच-पांच हजार रुपये के पुरस्कार दिए गए थे। बाद में 21 अप्रैल 2025 को इस योजना को राहवीर योजना के नाम से नए स्वरूप में जारी किया गया। इसके तहत पुरस्कार की रकम बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति व्यक्ति कर दी गई। मंत्रालय ने इस पहल को 16वें वित्तीय चक्र में भी जारी रखने का फैसला किया है।

ये भी पढ़ें:

गोल्डन आवर में मदद करने वालों पर जोर

राहवीर योजना का मकसद सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है। हादसे के बाद शुरुआती एक घंटे को गोल्डन आवर कहा जाता है। इस दौरान घायल को चिकित्सा सहायता मिलने से उसकी जान बचने की संभावना बढ़ सकती है। योजना के तहत ऐसे पात्र नागरिकों को पुरस्कार दिया जाता है, जो सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने या उसे जरूरी चिकित्सा सहायता दिलाने में मदद करते हैं। इसका उद्देश्य लोगों को बिना किसी स्वार्थ के दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना है।

Advertisement

ई-कुबेर खाते में भेजी गई रकम

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 21 सितंबर 2026 को जारी पत्र के जरिए उत्तर प्रदेश को पुरस्कार वितरण के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने की जानकारी दी थी। यह धनराशि परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर सीएनए खाते में जारी की गई है। इसी माध्यम से स्वीकृत लाभार्थियों को पुरस्कार राशि देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ये भी पढ़ें  JPNIC में 3 साल बाद अखिलेश की एंट्री: योगी सरकार पर तीखा हमला, बोले- 2027 में जनता करेगी सत्ता परिवर्तन

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link