लखनऊ में सजेगी गरबा की शाम, डांडिया के साथ दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक
हजरतगंज क्षेत्र के मोती महल लॉन में 17 अक्टूबर को होगा ‘गरबा नाइट 2.0’ का आयोजन, कलारीपयट्टू और पारंपरिक परिधानों का फैशन शो भी बनेगा आकर्षण

लखनऊ, 14 अक्टूबर 2026:
नवरात्र के उल्लास, डांडिया की थाप और भारतीय संस्कृति के रंगों से राजधानी लखनऊ की शाम सराबोर होने जा रही है। हजरतगंज स्थित मोती महल लॉन में 17 अक्टूबर को ‘गरबा नाइट 2.0’ का आयोजन किया जाएगा। वूमेन लाइफ मैटर्स समिति के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में गरबा और डांडिया के साथ भारतीय परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।
आयोजक समिति की सदस्य वंदना बंसल, दीपा बंसल, प्रयागमती गुप्ता और प्रीती पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है। पारंपरिक भारतीय परिधानों में डांडिया नृत्य इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में भारतीय युद्धकला कलारीपयट्टू का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके साथ ही पारंपरिक भारतीय परिधानों पर आधारित फैशन शो और उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के कलाकारों की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रमुखता दी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की फूहड़ता से परहेज किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम सात बजे होगा। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। दारुलशफा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समिति के सचिव दुर्गेश मिश्रा, सदस्य उदय भान सिंह, निर्देश दीक्षित, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की महामंत्री एकता अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






