Lucknow CityUttar Pradesh

UP Police Recruitment का रिजल्ट जारी : 28.86 लाख दावेदारों में 32,679 को मिली वर्दी, 4,481 महिलाओं का भी चयन

सिपाही नागरिक पुलिस समेत सात श्रेणियों के पदों पर चयन पूरा, 75 जिलों में परीक्षा से लेकर दौड़ तक रही तकनीक की निगरानी, जारी होंगे अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर

लखनऊ, 14 अक्टूबर 2026:

यूपी पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना देखने वाले हजारों युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,679 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 4,481 महिलाएं भी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध है।

इस भर्ती के लिए 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस लिहाज से हजारों पदों के लिए लाखों युवाओं के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। भर्ती में आरक्षी (सिपाही) नागरिक पुलिस, पीएसी एवं सशस्त्र पुलिस, विशेष सुरक्षा बल, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर के पद शामिल हैं।

किस पद पर कितने अभ्यर्थियों का चयन?

आरक्षी नागरिक पुलिस के 10,469, आरक्षी पीएसी एवं सशस्त्र पुलिस के 15,131 और आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1,341 पदों पर चयन हुआ है। महिला बटालियन के लिए 2,282 महिला आरक्षियों, घुड़सवार पुलिस में 71 आरक्षियों, जेल वार्डर (पुरुष) के 3,279 और जेल वार्डर (महिला) के 106 पदों पर अभ्यर्थियों को चुना गया है।

ये भी पढ़ें:

तीन चरणों में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया

बोर्ड ने 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी 75 जिलों में छह पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की थी। इसके परिणाम के आधार पर 76,184 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षा (डीवी/पीएसटी) के लिए चुना गया। यह प्रक्रिया 17 से 31 अगस्त तक चली। इसके बाद 1 से 11 अक्टूबर तक शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की गई।

Advertisement

RFID और CCTV से रखी गई नजर

भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए दौड़ का समय दर्ज करने में आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। परीक्षा केंद्रों और शारीरिक परीक्षण स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की गई। जनपद और बोर्ड स्तर के कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग भी की गई।

नवंबर में जारी होंगे नॉर्मलाइज्ड स्कोर

बोर्ड के मुताबिक अंतिम चयन लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड स्कोर की रैंकिंग और अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन में दी गई पदों की वरीयता के आधार पर किया गया है। आरक्षण नीति के प्रावधानों का भी पालन किया गया। लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर नवंबर के तीसरे सप्ताह में वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसे देखने की प्रक्रिया के बारे में बोर्ड अलग से सूचना देगा।

ये भी पढ़ें  अयोध्या के बम-गोलीकांड में बेटे के बाद घायल मां की भी मौत, भड़का आक्रोश, KGMU में स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रदर्शन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link