शादी से पहले प्रेमी संग लापता हुई युवती, साथ ले गई 1.18 लाख व जेवर, पिता पहुंचा थाने
25 नवंबर को होनी थी शादी, पिता ने युवक शादाब के खिलाफ दर्ज कराया केस, पुलिस दोनों की तलाश में जुटी, शादी की तैयारी के लिए घर मे रखा था कैश व जेवर

हरदोई, 16 अक्टूबर 2026:
यूपी के हरदोई में शादी की तैयारियों के बीच एक युवती प्रेमी संग लापता हो गई। शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली करीब 25 वर्षीय युवती की शादी 25 नवंबर को तय थी। आरोप है कि वह बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो उसके प्रेमी शादाब की हरकत का पता चला। युवती अपने साथ शादी की खरीदारी के लिए रखे 1 लाख 18 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर भी ले गई है।
पिता ने पुलिस को बताई पूरी कहानी
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 14 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे बाजार से सामान लेने के लिए निकली थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि कन्हई पुरवा निवासी शादाब उसे अपने साथ ले गया है।
आरोपी के घर वाले भी खामोश
पिता के मुताबिक, युवती घर से 1,18,000 रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, झुमकी और टीका लेकर गई है। ये रुपये और जेवर शादी की खरीदारी के लिए रखे गए थे। बेटी के लापता होने के बाद जब पिता आरोपी के घर पहुंचे तो वहां से उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
सर्विलांस के सहारे आरोपी की तलाश
घटना को लेकर आहत पिता का कहना है कि इससे उसकी समाज मे काफी किरकिरी हुई है। आरोपी का परिवार भी इस घटना को शह दे रहा है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि सर्विलांस के सहारे युवती और आरोपी की तलाश की जा रही है।






