Lucknow City

Shiva Sharma Murder Case : कर्ज का बोझ, बालकनी से छलांग, श्रद्धा का नया वीडियो, आया सामने, खुद भी सुसाइड करने की बात कही

फरार मॉडल ने जारी किया नया वीडियो, कर्ज के दबाव में आत्महत्या करने का किया दावा, बहन रश्मि को भी बताया बेकसूर, शिवा की मां रंजना ने वीडियो की कहानी को झूठा बताते हुए हत्या की साजिश का आरोप लगाया

लखनऊ, 16 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे ने नया वीडियो जारी कर घटना से पहले की पूरी कहानी बताने का दावा किया है। करीब पांच मिनट कुछ सेकेंड के वीडियो में श्रद्धा ने कहा कि शिवा कर्ज के दबाव में था। उसने आत्महत्या की थी, जबकि उसकी बहन रश्मि का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। दूसरी तरफ शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा के दावों को झूठा बताते हुए उस पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर उन्हें विवेचना में शामिल करने की तैयारी कर रही है।

छह-सात दिन से नहीं हो रही थी बात

श्रद्धा ने वीडियो में दावा किया कि वह करीब चार महीने से शिवा के संपर्क में थी। पिछले दो महीने से दोनों के बीच संबंध थे। उसके मुताबिक, पिछले छह-सात दिनों से शिवा से उसकी बातचीत नहीं हो रही थी। 7 अक्टूबर को शिवा ने कपूरथला चौराहे पर एक चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर को फोन कराया था। उस समय वह रो रहा था। श्रद्धा के मुताबिक, रात में शिवा अपनी BMW कार से उससे मिलने आया। दोनों पेडलर्स कैफे गए, जिसके बाद शिवा उसके फ्लैट पर पहुंचा।

पुलिस को भेजा है शिवा का मोबाइल

उसने दावा किया कि शिवा के पास करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था। इस वजह से वह परेशान रहता था। श्रद्धा ने कहा कि उसके पास शिवा के साथ हुई WhatsApp Chat के साक्ष्य हैं, जिनमें उसने कर्ज की परेशानी का जिक्र किया था। उसके मुताबिक, चैट के साक्ष्य के साथ शिवा का मोबाइल भी पुलिस के पास भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:

8 अक्टूबर को बहन रश्मि के आने का जिक्र

श्रद्धा ने बताया कि 8 अक्टूबर को उसकी बहन रश्मि फ्लैट पर आई थी। उसने दावा किया कि रश्मि की शिवा से कोई बातचीत नहीं होती थी और वह इस मामले में शामिल नहीं है। उस दिन सभी ने साथ में घूमने-फिरने में समय बिताया। शाम को शिवा के दो दोस्त अश्वनी मिश्रा और हर्ष भी वहां आए थे। कुछ देर बाद दोनों चले गए।

Advertisement

बाथरूम जाने के बाद बंद किया मेन गेट

9 अक्टूबर को हुई घटना के बारे में श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा उस दिन डिप्रेशन में था। उसके लिए ड्राइंग रूम में चाय भिजवाई गई थी। शाम को जब शिवा वॉशरूम जाने के लिए अंदर गया तो उसने फ्लैट का मेन गेट बंद कर लिया। श्रद्धा के मुताबिक, शिवा आमतौर पर वॉशरूम जाते समय मेन गेट बंद नहीं करता था, इसलिए उसे शक हुआ। उसने अपनी बहन रश्मि को गेट खोलकर देखने के लिए भेजा। श्रद्धा का दावा है कि जब तक रश्मि गेट खोल पाती, शिवा बालकनी से छलांग लगा चुका था। उसने कहा कि वह शिवा को अस्पताल लेकर गई थी। फ्लैट और अस्पताल के CCTV Footage से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।

‘मुझे भी आत्महत्या के लिए मजबूर न करें’

वीडियो में श्रद्धा रोते हुए कहती है कि शिवा की मां ने अपना बेटा खोया है तो उसने भी अपना बंदा खोया है। उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि उसे इसी तरह प्रताड़ित किया जाता रहा तो वह भी आत्महत्या कर लेगी।

मां रंजना ने बताई अस्पताल पहुंचने की कहानी

शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा के दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका आरोप है कि शिवा की मौत के बाद श्रद्धा और उसकी बहन करीब दो घंटे तक उन्हें गुमराह करती रहीं। रंजना के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे रश्मि का फोन आया था। उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया है।

हॉस्पिटल में शिवा नहीं मिला

रंजना का कहना है कि वह लोहिया अस्पताल पहुंचीं तो वहां शिवा नहीं मिला। दोबारा फोन करने पर उन्हें ट्रामा सेंटर जाने के लिए कहा गया। वहां पहुंचने पर उन्हें ड्राइवर मिला, जबकि उनके मुताबिक श्रद्धा और रश्मि वहां से फरार हो चुकी थीं। रंजना ने दावा किया कि ट्रामा सेंटर पहुंचने तक शिवा की मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर सिगरेट से जलाने और पिटाई के निशान थे।

डायरी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को सौंपने का दावा

रंजना ने आरोप लगाया कि श्रद्धा खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी पेश कर रही है। उन्होंने श्रद्धा के कथित कृत्यों से जुड़ी डायरी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को सौंपने की बात भी कही। उनका आरोप है कि श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत अन्य लोगों ने साजिश के तहत शिवा की हत्या की।

अपार्टमेंट से गिरकर हुई थी मौत

बता दें कि लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से 9 अक्टूबर की रात संदिग्ध हालात में गिरने से कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। वह अलीगंज के कपूरथला इलाके में रहता था। उसकी मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने और माफिया समेत कई प्रभावशाली लोगों से धमकी दिलवाने के आरोप लगाए थे।

वायरल वीडियो में दावों की जांच शुरू

रंजना की शिकायत पर हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने श्रद्धा के फ्लैट से आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात भी कही थी। मामले में फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अब श्रद्धा के वायरल वीडियो में किए गए दावों की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  मजदूर के मासूम बेटे ने हादसे में गंवाईं जान...पुलिस बनी सहारा, कराया अंतिम संस्कार

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link