UP Politics : योगी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, BJP प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट, बोले -‘शिक्षा की नैया डुबोने वाली पार्टी है सपा’
गाजियाबाद में शिक्षक-स्नातक सम्मेलन के दौरान सपा पर शिक्षा, रोजगार और कानून व्यवस्था को लेकर हमला, शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भरोसा, मेरठ से लेकर सहारनपुर तक विश्वविद्यालयों की स्थापना का जिक्र, भर्तियों में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजने की चेतावनी

गाजियाबाद, 16 अक्टूबर 2026:
यूपी के गाजियाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा शिक्षा की नैया पार लगाने के बजाय उसे डुबोने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकारों के कार्यकाल में शिक्षा, रोजगार और विकास के मोर्चे पर प्रदेश को नुकसान उठाना पड़ा। शुक्रवार को शिक्षक-स्नातक सम्मेलन में उन्होंने भाजपा के दोनों विधान परिषद प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगे।
रामलीलाओं के आयोजन से कानून व्यवस्था तक सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद आते समय रास्ते में कई जगह बड़ी रामलीलाओं का आयोजन दिखाई दिया। उनके मुताबिक, सपा की सरकार होती तो इन आयोजनों के बीच दंगे होते और कर्फ्यू लग जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नवरात्रि में दुर्गा पूजा के पंडाल लगाने और धार्मिक आयोजन करने में भी मुश्किलें आती थीं। योगी ने कहा कि आज गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। श्रद्धालु बाबा औघड़नाथ, दुग्धेश्वरनाथ और पुरा महादेव समेत अलग-अलग शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को बिना भेदभाव अपनी आस्था के मुताबिक धार्मिक आयोजन करने का अधिकार मिलना चाहिए।
शिक्षकों को संस्थान के आधार पर नहीं बांटने की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक, माध्यमिक, उच्च, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को चिकित्सा सुविधाएं देने की दिशा में काम किया जा रहा है। वित्तपोषित, प्रबंधकीय व्यवस्था वाले संस्थानों के साथ स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों को भी इसमें शामिल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। वे आने वाली पीढ़ियों को तैयार करते हैं, जिनकी क्षमता प्रदेश के विकास में काम आती है। शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी दिनेश गोयल जब भी शिक्षकों और स्नातकों की समस्याएं लेकर आए, उनके समाधान का प्रयास किया गया।
सपा सरकार में विश्वविद्यालयों को लेकर हुआ भेदभाव
योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान विश्वविद्यालयों की मान्यता में समान नियमों का पालन नहीं होता था। उन्होंने कहा कि आजम खान के विश्वविद्यालय के लिए अलग मानक अपनाए जाते थे, जबकि दूसरे संस्थानों को मान्यता देने में अड़चनें खड़ी की जाती थीं। भाजपा सरकार ने सभी संस्थानों के लिए एक जैसी व्यवस्था लागू की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि सहारनपुर में मां शाकंभरी, अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह, मुरादाबाद में गुरु जंभेश्वर, आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी और मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी के नाम पर विश्वविद्यालय बनाए गए। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। उन्होंने लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, गोरखपुर में आयुष विश्वविद्यालय और कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन मंडलों में पहले विश्वविद्यालय नहीं थे, वहां उच्च शिक्षा के नए अवसर तैयार किए गए।
भर्ती में गड़बड़ी करने वालों की संपत्ति जब्त करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। युवाओं की नौकरी से खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजने के साथ उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ साल में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। यूपी पुलिस में 32,600 से अधिक अभ्यर्थियों के परिणाम जारी किए गए हैं। 42 हजार से अधिक होमगार्ड भर्ती के परिणाम भी आ चुके हैं। शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में होने की बात भी उन्होंने कही। योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में यूपी में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से ज्यादा हो गई है। उनके मुताबिक, स्टार्टअप बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं।
पीडीए को लेकर सपा पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने सपा के प्रत्याशी चयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पीडीए का अर्थ परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी टिकट वितरण में अपने घोषित सिद्धांतों पर नहीं चल रही है। उन्होंने चाचा को टिकट देने और मुंबई के एक धनकुबेर के हाथ टिकट गिरवी रखने की बात कहकर सपा पर निशाना साधा। विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन पिछले राज्यसभा चुनाव से बेहतर रहेगा। उन्होंने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से श्रीचंद शर्मा और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिनेश गोयल को दोबारा विधान परिषद भेजने की अपील की।
पश्चिमी यूपी में एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल का जिक्र
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी यूपी में सड़क और रेल कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली-मेरठ के बीच 12 लेन एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल को क्षेत्र के लिए अहम बताया। गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच सफर का समय घटने की बात भी कही। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार और वाराणसी रोपवे परियोजना का जिक्र किया। काशी विश्वनाथ धाम, विंध्यवासिनी धाम, अयोध्या में राम मंदिर, ब्रज क्षेत्र, शुकतीर्थ और मां शाकंभरी शक्तिपीठ का नाम लिया।

23 अक्टूबर को मतदान, मतदाताओं को मिलेगा अवकाश
योगी ने बताया कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इस दौरान मतदाताओं को अवकाश मिलेगा। उन्होंने मतदाताओं से मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई जाने वाली कलम से मतपत्र पर अपनी वरीयता दर्ज करने की अपील की। शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने वित्तविहीन शिक्षकों को राजकीय सम्मान दिलाने के साथ शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और व्यावसायिक शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने से जुड़े कामों का भी जिक्र किया।
सम्मेलन में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और नरेंद्र कश्यप मौजूद रहे। इनके अलावा राज्यमंत्री बृजेश सिंह, जसवंत सैनी, दिनेश खटीक और केपी मलिक, भाजपा प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सदस्य रामप्रताप सिंह चौहान, सांसद महेश शर्मा, भोला सिंह और अतुल गर्ग शामिल हुए। सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी और सुरेंद्र नागर समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।






