डॉक्टर-इंजीनियर बनने की तैयारी : 10वीं के अंकों से होगी आसान, मुफ्त मिलेगी JEE-NEET कोचिंग
सर्वोदय विद्यालयों के सामान्य वर्ग में छात्राओं को इंजीनियरिंग के लिए पांच प्रतिशत की छूट, मेडिकल में भी श्रेणीवार कटऑफ तय, परिवार की आय के आधार पर मिलेगा मौका

लखनऊ, 19 अक्टूबर 2026:
दसवीं में गणित और विज्ञान के अंकों के दम पर अब मेधावी विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनने की राह आसान हो सकती है। यूपी के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे विद्यार्थियों को संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा (जेडीएसटी-2027) के माध्यम से जेईई और नीट की तैयारी के लिए दक्षणा फाउंडेशन के माध्यम से एक साल की मुफ्त कोचिंग पाने का अवसर मिलेगा। चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग के साथ आवास और भोजन की सुविधा भी मुफ्त दी जाएगी। इसके लिए दसवीं के अंकों के साथ पारिवारिक आय की शर्त भी पूरी करनी होगी।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 12 विज्ञान वर्ग में अध्ययनरत और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी निर्धारित पात्रता मानकों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। चयनित छात्रों को पुणे के निकट स्थित दक्षणा वैली परिसर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का मौका मिलेगा।
इंजीनियरिंग में छात्राओं को पांच प्रतिशत की छूट
जेईई की तैयारी के लिए सामान्य श्रेणी के छात्रों के दसवीं में गणित और विज्ञान विषयों में कम से कम 85 प्रतिशत अंक होने चाहिए। वहीं, छात्राओं के लिए यह सीमा 80 प्रतिशत निर्धारित की गई है। यानी सामान्य श्रेणी की छात्राओं को पात्रता के लिए पांच प्रतिशत अंकों की छूट मिलेगी। अन्य श्रेणियों और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए निर्धारित अलग-अलग मानकों के आधार पर पात्रता तय होगी।
नीट के लिए श्रेणीवार अंक निर्धारित
मेडिकल की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी दसवीं के अंकों के आधार पर पात्रता तय की गई है। सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह सीमा 75 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 65 प्रतिशत रखी गई है।
आय सीमा पूरी करना भी जरूरी, ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए छात्रों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम और छात्राओं के परिवार की आय पांच लाख रुपये से कम होनी चाहिए। पात्रता की शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थियों को एक साल तक मुफ्त कोचिंग, आवास और भोजन मिलेगा। सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने और आवेदन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी https://apply.scholarship.dakshana.org पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले निर्धारित पात्रता मानकों की जांच करना जरूरी होगा।






