Hardoi City

Hardoi News : मायके से आई पत्नी ने की मारपीट, सुसाइड नोट लिखकर पति ने लगा ली फांसी

दो पन्नों के नोट में पत्नी, ससुर, साले सहित चार लोगों के नाम, छह महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

हरदोई, 19 अक्टूबर 2026:

यूपी के हरदोई में पत्नी से चल रहे विवाद के बीच एक युवक ने सोमवार को फांसी लगाकर जान दे दी। बेनीगंज क्षेत्र के कृष्णानगर मोहल्ले में उसका शव घर के अंदर लटका मिला। पुलिस को युवक की पैंट से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने पत्नी सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। कुछ दिन पहले मायके से आई पत्नी ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। घटना के बाद से युवक तनाव में था।

आटा मिल में मुनीम था युवक

मृतक की पहचान श्यामू मिश्र (28) उर्फ अनुपम मिश्र के रूप में हुई है। वह बेनीगंज की एक आटा मिल में मुनीम का काम करता था। घर पर अपनी मां माधुरी के साथ रहता था। उसके पिता प्रमोद मिश्रा बुलंदशहर के एक मंदिर में पुजारी हैं। सोमवार को घर में उसका शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर मां बदहवास हो गईं।

सात साल पहले हुई थी शादी, दो बेटियों का पिता था

श्यामू की शादी करीब सात साल पहले सोनी से हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं। मृतक के भाई सर्वेश के मुताबिक, सोनी पिछले छह महीने से अपने मायके अतरौली के ग्राम माहूपारा में रह रही थी। करीब एक महीने पहले सोनी अपने पिता लक्ष्मीकांत पांडेय, भाई राजन व भतीजे हर्षित के साथ बेनीगंज आई थी। इस दौरान श्यामू के साथ मारपीट की गई थी। परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

ये भी पढ़ें:

सुसाइड नोट में पत्नी समेत चार लोगों के नाम

घटना की सूचना मिलने पर बेनीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान श्यामू की पैंट से दो पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उसने अपनी पत्नी सोनी, ससुर लक्ष्मीकांत पांडेय, साले राजन पांडेय व साले के बेटे हर्षित का नाम लिखते हुए प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस नोट में लिखी बातों की जांच कर रही है।

Advertisement

ये भी पढ़ें  हरदोई : राजकीय पॉलिटेक्निक में छात्रों का हंगामा... खराब भोजन और गंदगी को लेकर फूटा गुस्सा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link