प्रयागराज न्यूज : गंगा में पति व जेठ को डूबता देख महिला ने लगाई छलांग, बचाने को कूदा श्रद्धालु भी महिला संग लापता
देर से बचाव कार्य शुरू होने से घाट पर रहे हंगामे के हालात, पुलिस बोली- सुरक्षित दायरा पार करने से हुआ हादसा

प्रयागराज, 19 अक्टूबर 2026:
यूपी के प्रयागराज में गंगा स्नान के दौरान चार लोग डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने दो भाइयों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि उनकी मदद के लिए नदी में कूदी महिला अनीता यादव समेत दो लोग तेज बहाव में लापता हो गए। हादसे के बाद बचाव कार्य में देरी होने से लोग नाराज दिखे। दोपहर से शाम तक गोताखोर तलाश में जुटे रहे लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
कुरेश्वर घाट पर गहरे पानी में हुआ हादसा, लोगों ने पति व जेठ को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना सोमवार को सुबह लगभग 11 बजे नवाबगंज के कुरेश्वर घाट पर हुई। घाटमपुर निवासी राम सिंह यादव अपने छोटे भाई राजू यादव और राजू की पत्नी अनीता के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे थे। नहाते समय दोनों भाई गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वे डूबने लगे। दोनों भाइयों को डूबता देख अनीता ने शोर मचाया, फिर उन्हें बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दी। इसी दौरान जगदीशपुर चांधन निवासी सुरेश केसरवानी भी इनकी मदद के लिए नदी में कूद पड़े। घाट पर मौजूद लोगों ने राम सिंह व राजू को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन अनीता व सुरेश का पता नहीं चल सका।

देर से बचाव कार्य शुरू होने पर दिखी नाराजगी
घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। आनन फानन पुलिस को सूचना दी गई। बचाव कार्य शुरू होने में लगभग एक घंटा लग गया। इस बात को लेकर वहां नाराजगी फैल गई। रामसिंह व भाई राजू के साथ सुरेश केसरवानी के साथ आये लोग भी इस लापरवाही पर बिफर पड़े। फिलहाल देर से बचाव कार्य शुरू हुआ और शाम हो गई इस दौरान अनीता व सुरेश का कुछ पता नहीं चल सका।।एसीपी श्यामजीत परिमल के मुताबिक, स्नान के दौरान लोग घाट पर लगाई गई बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी में चले गए थे। इसी वजह से हादसा हुआ। फिलहाल दोनों लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
विधायक से लोगों ने की शिकायत, हादसे का वीडियो आया सामने
हादसे के करीब छह घंटे बाद शाम चार बजे भाजपा विधायक गुरु प्रसाद मौर्य घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने बचाव कार्य में हुई लापरवाही की शिकायत उनसे की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें गंगा में डूबते लोगों को बचाने के लिए घाट पर मौजूद लोग कोशिश करते नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद घाट पर भीड़ जुट गई। लापता महिला व दूसरे श्रद्धालु के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






